फोटो नंबर-22भाजपा का नवनिर्मित जिला कार्यालय।
नारनौल। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 8 जून को सुबह 8:30 बजे शहर में नवनिर्मित जिला कार्यालय का उद्घाटन करेंगे। इस कार्यक्रम को लेकर प्रशासन और भाजपा संगठन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
विधायक ओम प्रकाश यादव ने बताया कि उद्घाटन समारोह में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बडोली, स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहेंगे। यह कार्यक्रम बड़े स्तर पर आयोजित किया जा रहा है
उद्घाटन के बाद गणपति गार्डन में एक जनसभा भी होगी जहां पार्टी के वरिष्ठ नेता कार्यकर्ताओं और आम जनता को संबोधित करेंगे। इस जनसभा के लिए लगभग 5000 कुर्सियों की व्यवस्था की गई है, ताकि अधिक से अधिक लोग कार्यक्रम में शामिल हो सकें।
कार्यक्रम को लेकर रविवार को पूरे दिन तैयारियां चलती रहीं। कई विभागों के अधिकारी भी छुट्टी के बावजूद मौके पर मौजूद रहे और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। नगर परिषद की ओर से शहर की सफाई, सड़कों की व्यवस्था और बेसहारा गोवंश को हटाने का कार्य भी तेजी से किया गया।
स्थानीय लोगों में इस कार्यक्रम को लेकर उत्साह है और वे उम्मीद कर रहे हैं कि मुख्यमंत्री इस अवसर पर क्षेत्र के विकास से जुड़ी नई घोषणाएं भी करेंगे।
वहीं दूसरी ओर पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क है। पुलिस अधीक्षक दीपक के निर्देश पर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए हैं, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।