नारनौल। 12 साल से लंबित स्टेट हाईवे 148-बी का के निर्माण कार्य का शुक्रवार को मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने शिलान्यास किया। जिला स्तर पर लघु सचिवालय में आयोजित इस उद्घाटन एवं शिलान्यास कार्यक्रम में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्यमंत्री ओमप्रकाश यादव मुख्यातिथि के तौर पर मौजूद रहे। इसके अलावा नांगल चौधरी विधायक डॉ. अभय सिंह यादव तथा अटेली विधायक सीताराम यादव भी मौजूद रहे। राज्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में जिला को ढांचागत सुविधाएं देने में विशेष तरजीह दी गई है।
सरकार ने तय समय सीमा में जिला से गुजरने वाले 152 डी तथा राष्ट्रीय राजमार्ग 11बी को तैयार करवाया। अब इस पुराने राष्ट्रीय राजमार्ग 148-बी को भी निर्धारित अवधि में पूरा करवाया जाएगा। रोड नेटवर्क में जिला महेंद्रगढ़ अब राज्य के किसी भी जिले से पीछे नहीं है। ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम दर्शन तथा शहरी क्षेत्रों में नगर दर्शन पोर्टल बनाया है, जिसके माध्यम से विकास कार्य होते हैं। इस मौके पर उपायुक्त डॉ. जयकृष्ण आभीर, नगराधीश डॉ. मंगल सैन, भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश शर्मा, मनीष मित्तल, अजीत कलवाड़ी, दयाराम यादव के अलावा अन्य लोग मौजूद रहे।
27 एकड़ में बने वाटर सप्लाई प्रोजेक्ट जनता को सौंपा
मुख्यमंत्री ने 124.43 करोड की लागत से राजावास में 27 एकड़ में बने वाटर सप्लाई प्रोजेक्ट का उद्घाटन किया। इसके अलावा राजस्थान, गुजरात व पंजाब को सबसे छोटे रास्ते से जोड़ने वाला पुराना राष्ट्रीय राजमार्ग 148-बी का शिलान्यास किया। इस पर लगभग 300 करोड़ रुपये खर्च होंगे। मूलरूप से यह फोरलेन सड़क मार्ग रायमलिकपुर (राजस्थान बॉर्डर) से नांगल चौधरी, नारनौल, महेंद्रगढ़ होते हुए दादरी तक है। नांगल चौधरी के ढाणी बाठोठा तक यह सड़क मार्ग पहले ही चार मार्गीय बना हुआ है। इसके अलावा दादरी से महेंद्रगढ़ रोड की तरफ लगभग 10 किलोमीटर फोरलेन सड़क मार्ग भी पहले से ही चालू है। 50 किलोमीटर लंबी सड़क का मुख्यमंत्री ने शिलान्यास किया। इसके अलावा 32 लाख रुपए की लागत से तैयार राजकीय पशु औषधालय करीरा का भी उद्घाटन किया। इससे आसपास के पशुपालकों को काफी राहत मिलेगी।
बदल जाएगी क्षेत्र की सूरत
नांगल चौधरी के विधायक डॉ. अभय सिंह यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री ने जिला को आज बड़ी सौगात दी हैं। उन्होंने जिले को मल्टीपर्पज लॉजिस्टिक हब जैसा बड़ा प्रोजेक्ट देने का कार्य किया था। वहीं, निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज कोरियावास जैसी परियोजनाएं आने वाले समय में स्वास्थ्य के क्षेत्र में इस जिले का कायाकल्प करने वाली हैं। इस वर्ष यह प्रोजेक्ट भी पूरा हो जाएगा।
नए साल पर जिले को दिया तोहफा
अटेली विधायक सीताराम यादव ने कहा कि सरकार ने नए साल का तोहफा दिया है। अटेली हलका के करीरा में लगभग 32 लाख की लागत से बने राजकीय पशु औषधालय का भी उद्घाटन किया है। मुख्यमंत्री ने पांच करम के सभी कच्चे रास्तों को पक्का करने की पहले ही घोषणा कर रखी है। इसके अलावा प्रत्येक क्षेत्र में विकास कार्य के लिए विधायकों को 25-25 करोड़ों की ग्रांट भी जारी की है। अटेली हलके में अब छोटी सरकारों के माध्यम से विकास कार्यों की झड़ी लगने वाली है।