फोटो नंबर-22नारनौल में सोमवार को आसमान में छाए बादल। संवाद
नारनौल। क्षेत्र में सोमवार को बादल छाए रहे और लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। वहीं तापमान में भी गिरावट देखने को मिली। न्यूनतम तापमान में 2.3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। अधिकतम तापमान 34.8 और न्यूनतम तापमान 25.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
हालांकि जिले में मानसून की जबरदस्त बारिश का इंतजार अभी भी बना हुआ है। जुलाई के प्रथम सप्ताह में बादलवाही और अच्छी बारिश की संभावना बनी हुई है। मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि आगामी दिनों में लगातार मौसम में बदलाव रहेगा। बंगाल की खाड़ी पर बना कम दबाव का क्षेत्र धीरे-धीरे उत्तरी पश्चिमी राज्यों पर पहुंचने से और 2 जुलाई को उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों पर एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से क्षेत्र में जुलाई के पहले सप्ताह में मानसून की अच्छी बारिश होने की प्रबल संभावना है।
गत वर्ष की तुलना में जून रहा कम गर्म, जुलाई में अच्छी बारिश की उम्मीद
जून में तेज धूप के कारण झुलसाने वाली गर्मी का प्रकोप गत वर्ष की तुलना में कम रहा। क्योंकि जून माह के प्रथम सप्ताह सहित अन्य दिनों में बादलवाही बनी रही। जिस कारण तापमान में गिरावट बनी रही। हालांकि इस दौरान बारिश कम होने के कारण उमस भरी गर्मी का लोगों का सामना करना पड़ा। 29 जून को क्षेत्र में मानसून का आगमन हो चुका है और जुलाई में सामान्य से अधिक बारिश की उम्मीद है। किसानों को भी मानसून के दौरान अच्छी बारिश का इंतजार है।