फोटो नंबर-19लाइन लीकेज होने से तालाब बहादुर सिंह रोड पर फैला पानी। संवाद
नारनौल। एक ओर जल संरक्षण को लेकर अभियान चलाए जा रहे हैं। वहीं, दूसरी ओर शहर की पेयजल पाइपलाइन लीकेज से रोजाना सैकड़ों लीटर पानी बर्बाद हो रहा है। कई इलाकों में पाइपलाइन और कनेक्शन में रिसाव के कारण सड़कों पर पानी जमा हो रहा है।
समस्या तालाब बहादुर सिंह रोड, निजामपुर रोड स्थित मनू नगर, महेंद्रगढ़ रोड, सिंघाना रोड और लोहा मंडी क्षेत्र में अधिक गंभीर है। यहां दिनभर पानी बहने से राहगीरों, वाहन चालकों और दुकानदारों को दिक्कतें हो रही हैं। पाइपलाइन रिसाव के कारण दूषित पानी घरों तक पहुंच रहा है, जिससे लोगों को गंदा और बदबूदार पानी पीना पड़ रहा है।
सबसे चिंताजनक स्थिति तालाब बहादुर सिंह रोड पर है जहां मुख्य पाइपलाइन के ज्वाइंट से लगातार रिसाव हो रहा है। हाल ही में बनी मॉडल सड़क को अब मरम्मत के लिए तोड़ना पड़ सकता है। स्थानीय लोगों में इस लापरवाही को लेकर रोष है और उन्होंने जल्द समाधान की मांग की है।
वर्जन:
बहादुर सिंह रोड पर लीकेज को दुरुस्त करने के लिए नगर परिषद से सड़क तोड़ने के लिए अनुमति मांगी गई है लेकिन अभी तक परिषद से अनुमति नहीं मिल पाई है। जैसे ही अनुमति मिलेगी वैसे ही लाइन को दुरुस्त करवा दिया जाएगा।
-नरेश चंदेला, कनिष्ठ अभियंता जनस्वास्थ्य विभाग, नारनौल