त्योहारी सीजन में बाजारों की रौनक बढ़ गई है। इसके बीच मुख्य बाजारों की सड़कों पर अतिक्रमण की वजह से जाम का झाम गहरा गया है। विधानसभा चुनाव के कारण नगर परिषद भी अतिक्रमण हटाने में दिलचस्पी नहीं ले रहा है।
विजया दशमी के बाद से बाजारों में त्योहारी सीजन की शुरूआत हो चुकी है। इसलिए शहर के सभी मुख्य बाजार ग्राहकों से गुलजार है। इसके अलावा बाजारों में पार्किंग की व्यवस्था न होने व दुकानदारों के अतिक्रमण से सड़कों पर जाम लगना आम बात हो गई है। हरदम त्योहारों से पहले नगर परिषद अतिक्रमण अभियान चलाती थी लेकिन चुनाव के चलते अभी तक अभियान नहीं चलाया गया है।
बाजरों में सड़के बनीं गलियां
महावीर चौक, मेन बाजार, पार्क गली, मोहिनी गली अनाज मंडी रोड, लोह मंडी, सब्जी मंडी, पुस्तक गली व कटला बाजार आदि जगहों पर दुकानदारों ने सड़क तक अतिक्रमण कर रखा है। बाकी कसर सड़क पर बेतरतीब ढंग से खड़े वाहनों ने पूरी कर दी है। हालात यह है कि कुछ जगहों पर पैदल चलने वालों के लिए जगह ही नहीं बची है। अतिक्रमण के चलते बाजार का रास्ता सिकुड़ने व चार पहिया वाहनों का प्रवेश होने से बाजार में जाम की स्थिति पैदा हो जाती है। सिंघाना रोड, रेवाड़ी रोड व अनाज मंडी रोड पर जगह-जगह दुकानों के आगे रेहड़ी वाले भी खड़े हैं। कुछ दुकानदार इनसे पैसे लेकर अपनी दुकानों के आगे रेहड़ी लगाने की अनुमति देते हैं। हालांकि नियमानुसार मार्केट में इस तरह से सड़कों पर रेहड़ी नहीं लगा सकते। इसी महीने दिवाली से पहले चुनाव है। इस वजह से कहीं व्यापारी व रेहड़ी चालक नाराज न हो जाए तो प्रशासन ने अतिक्रमण अभियान भी फिलहाल रोका हुआ है। हालांकि सितंबर में ट्रैफिक इंचार्ज ने अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाकर दुकानदारों से अतिक्रमण न करने की हिदायत दी थी। लेकिन आज फिर पुरानी वाली स्थिति ही बनी हुई है।
पार्किंग की व्यवस्था न होने से दिक्कत
शहर की पार्क गली रेडिमेड कपड़े व जूतों की खरीदारी के लिए सबसे सस्ती मार्केट है। आमतौर पर इस मार्केट में प्रतिदिन करीब हजारों लोग खरीदारी करने आते है। वहीं शहर में खरीदारी के लिए शहर के बीचों बीच एक ही मार्केट है। अतिक्रमण के चलते इसका रास्ता सिकुड़ जाता है। जिससे खरीदारी करने वाले लोगों की भीड़ व दुपहिया वाहनों के कारण जाम की स्थिति बनी रहती है।
समय-समय पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाकर दुकानदारों को अतिक्रमण नहीं करने की चेतावनी दी गई थी। अगर फिर भी दुकानदारों ने अतिक्रमण किया हुआ है उसे त्योहार से पहले अभियान चलाकर हटाया जाएगा। वहीं दुकानदारों से व्यवस्था बनाए रखने की अपील की जाएगी।
- नवल किशोर, नगर परिषद सचिव
यह कहना है लोगों का
अभी त्योहारी सीजन शुरू ही हुआ है और अभी से मार्केट में जाम लगने लगा है। प्रशासन को अभी से यहां व्यवस्था बनानी शुरू करनी चाहिए। प्रशासन को समय-समय पर अतिक्रमण हटाना चाहिए
- जयप्रकाश यादव
मार्केट में पार्किंग की व्यवस्था करनी चाहिए। पार्किंग की व्यवस्था न होने के कारण दुपहिया वाहन जगह-जगह खड़े होने के कारण पैदल चलने वाले लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। रही सही कसर दुकानदारों ने अतिक्रमण करके पूरी कर दी है। इस तरफ प्रशासन को ध्यान देना चाहिए।
- सोनू सैनी
शहर के महावीर चौक से शुरू हुए मेन बाजार में सबसे ज्यादा अव्यवस्था बनी हुई है। कुछ दूर चलते ही जाम लग जाता है। चार पहिया वाहन बाजार में प्रवेश करते ही जाम की स्थिति बन जाती है। जिससे पैदल चलना ही बड़ा मुश्किल हो जाता है।
- राकेश
दिवाली ये चार दिन पहले बाजारों में चारपहिया वाहनों की एंट्री बंद की जानी चाहिए। दुकानदारों से भी व्यवस्था बनाने की अपील की जाए।
-सुशांत