जिला मुख्यालय, एडीजे और फैमिली कोर्ट की मांग को लेकर महेंद्रगढ़ में एतिहासिक बंद रहा। सोमवार को शहर के मुख्य बाजार बंद रहने से लगभग 5 करोड़ रुपये का कारोबार प्रभावित हुआ। मुख्यालय की मांग को लेकर पूरे शहर में ऐसा उत्साह पहली बार देखा गया। व्यापार मंडल के प्रधान सुरेंद्र बंटी ने बताया कि महेंद्रगढ़ शहर में छोटी बड़ी दो हजार दुकानें हैं। इनेलो, जजपा, कांग्रेस और भाजपा सहित सभी दलों के नेता धरने में शामिल हुए।
परशुराम चौक पर धरने को संबोधित करते हुए पूर्व सीपीएस राव दान सिंह ने कहा कि हमें महेंद्रगढ़ और नारनौल को अलग-अलग जिला बनाने के लिए प्रयास करने होंगे। किसी का हक छीनने की बजाए अपना अधिकार लेना है। महेंद्रगढ़ के साथ सतनाली और कनीना को जोड़कर जिला बनाया जा सकता है। हमने सेंट्रल यूनिवर्सिटी, मेडिकल कॉलेज, आईटीआई, महिला कॉलेज व न्यायिक परिसर सहित अन्य विकास कार्य कराए हैं। इसलिए जिसने जो काम कराए उसका क्रेडिट उसको देना चाहिए। हमारे छोड़े गए अधूरे काम ही भाजपा सरकार पूरा नहीं कर रही है। नगर पालिका के पास 50 करोड़ रुपये होने के बावजूद गड्ढे तक नहीं भरवाए जा रहे। जब तक यहां के विधायक की सहमति नहीं होगी,यह काम पूरा होना आसान नहीं है।
पूर्व विधायक राव बहादुर सिंह ने कहा कि इस मांग पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। जिला मुख्यालय की मांग को लेकर एकजुटता के साथ काम करने की जरूरत है। बार एसोसिएशन के इस धरने को हम हर स्तर पर सहयोग करेंगे। पूर्व जिला प्रमुख सुरेंद्र कौशिक ने कहा कि इस धरने को लेकर राजनीति नहीं आनी चाहिए। इस एतिहासिक मुहिम को अब रुकने मत देना। आंदोलन को आगे बढ़ाने के लिए जहां जरूरत होगी, हम साथ खड़े मिलेंगे।
कांग्रेस के प्रदेश महासचिव सत्यवीर झूकिया ने कहा कि महेंद्रगढ़ के सम्मान के लिए सभी को मिलकर लड़ना होगा। उन्होंने राव दान सिंह और रामबिलास शर्मा पर भी तंज कसे। नपा की निलंबित चेयरपर्सन के पति एवं पार्षद सुरेंद्र बंटी ने कहा कि इस मुद्दे को लेकर शिक्षामंत्री अपनी भूमिका स्पष्ट करें। इनेलो के लोकसभा प्रत्याशी रहे बलवान फौजी ने कहा कि रामबिलास शर्मा व राव दान सिंह बताएं कि उन्होंने जिला मुख्यालय की मांग को पूरा क्यों नहीं कराया।
को-ऑपरेटिव सोसायटी के चेयरमैन कंवर सिंह यादव ने कहा कि जिला मुख्यालय की मांग को लेकर जनता के साथ हैं। 31 अगस्त को सीएम का नारनौल में रात्रि निवास है। बार एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल को सीएम से मिलवाकर समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा। जजपा के जिला अध्यक्ष राव युद्धबीर पालड़ी ने कहा कि जजपा-बसपा की सरकार बनने पर महेंद्रगढ़ को जिला मुख्यालय बनाएंगे। इस बार जजपा अपने घोषणा पत्र में इसको शामिल करेगी। नारनौल और महेंद्रगढ़ को अलग-अलग जिला बनवाने का काम करेंगे। सरताज ग्रुुप के पीआरओ कुलदीप यादव ने कहा कि महेंद्रगढ़ सम्मान संघर्ष समिति ने इस मुद्दे को लेकर पहले भी 42 दिन धरना दिया था। इस मांग के लिए हम हमेशा साथ खड़े रहेंगे। अगर धरना देने की बात हो तो हम उसमें भी सहयोग करेंगे।
इस मौके पर पूर्व जिला पार्षद अजय सीगड़ा, एडवोकेट डीबी यादव, युद्धबीर पालड़ी, बार एसोसिएशन के पूर्व प्रधान बंसीलाल, रिटायर्ड कर्मचारी संघ के प्रधान बाबूलाल यादव, राकेश तंवर, पूर्व जिला पार्षद राजकुमार खातोद, ओपी चौधरी, राव विरेंद्र सिंह, महिला एडवोकेट कविता यादव, आईएएस संदीप सिंह, कनीना बार के प्रधान हरीश गाहड़ा, एडवोकेट आरएल यादव, महिला एडवोकेट अजनेश यादव, यादव सभा के प्रधान डॉ. प्रेमराज यादव, कनीना ब्लाक सरपंच एसोसिएशन के प्रधान रविंद्र यादव, कर्मचारी नेता सुजान मालड़ा व चंद्रकला खातोद आदि ने संबोधित किया।
परशुराम चौक पर धरने पर बैठे बार एसोसिएशन, व्यापार मंडल के सदस्य और सामाजिक संगठन के सदस्य- फोटो : Narnol