28...दिल्ली रोड पर नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा के पास प्रदर्शन करते नागरिक मंच के सदस्य।
रोहतक। दिल्ली रोड पर मानसरोवर पार्क में नागरिक मंच के बैनर तले शहर के विभिन्न सामाजिक संगठनों ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का पुतला दहन किया। नागरिक मंच रोहतक की ओर से लाभ सिंह हुड्डा ने इससे पहले मानसरोवर पार्क में हुई सभा का संचालन किया। अध्यक्षता डॉ. आरएस दहिया ने की।
ज्ञान विज्ञान समिति की ओर से प्रमोद गौरी ने कहा कि अमेरिका ने वेनेजुएला देश की संप्रभुता पर हमला किया है। डोनाल्ड ट्रंप सरकार ने वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो व उनकी पत्नी को सैन्य कार्रवाई की आड़ में आतंकी तरीके से उनके निवास स्थान से अपहरण किया व वेनेजुएला देश के संप्रभुता वाले पक्ष को गुंडागर्दी तरीके से कुचलने का काम किया।
इसी के खिलाफ विरोध मार्च भी निकाला गया व नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा के पास डोनाल्ड ट्रंप का पुतला दहन किया। उन्होंने कहा कि अमेरिका पूरे संसार के बाजारों और संसाधनों के ऊपर एक तरफा कब्जा करना चाहता है।
अमेरिका ने इससे पहले भी इराक और ईरान जैसे देशों पर भी हमला करते हुए वहां के संसाधनों पर कब्जा किया है। कैप्टन शमशेर मलिक ने कहा कि वेनेजुएला पर रात के अंधेरे में किया गया हमला अंतरराष्ट्रीय स्तर पर निंदनीय है।
अखिल भारतीय महिला समिति की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. जगमति सांगवान ने कहा कि अमेरिका का यह कृत्य मानवाधिकार के खिलाफ है। ट्रंप वहां के क्रूड ऑयल संसाधन के ऊपर नजर जमाए हुए हैं जिसकी संगठन की ओर से कड़ी शब्दों में निंदा की जाती है। मजदूरों के संगठन सीटू के राज्य उपाध्यक्ष कामरेड सतबीर ने कहा कि अमेरिका की दादागिरी का प्रभाव पूरे वर्ल्ड पर पड़ेगा।