महेंद्रगढ़। सीआईए महेंद्रगढ़ की पुलिस टीम ने दुकान से बैटरी, इंवर्टर और स्पेयर पार्ट्स चोरी करने के मामले में करीब सात साल से फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान भोमराज उर्फ भोमा निवासी दातिल थाना प्रयागपुरा कोटपुतली के रूप में हुई है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि वारदात को अंजाम देने में आरोपी की गाड़ी का प्रयोग हुआ था। आरोपी पर इसके अतिरिक्त चोरी के दो और मामले दर्ज हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
पुलिस प्रवक्ता सुमित कुमार ने बताया कि सुरेंद्र कुमार निवासी झज्जर ने थाना शहर महेंद्रगढ़ में गत वर्ष उसकी दुकान से सामान चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसने नारनौल रोड महेंद्रगढ़ में दुकान कर रखी है। रात के समय उसकी दुकान से नई व पुरानी बैटरी, सेल्फ व कुछ स्पेयर पार्ट्स व चाबी पाने, इन्वर्टर, गाड़ी की हेड लाइट व बेक लाइट व अन्य सामान दुकान से अज्ञात व्यक्ति ने चोरी कर लिए। शिकायतकर्ता ने सुबह जाकर देखा तो दुकान के ताले टूटे हुए पाए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर कार्रवाई करते हुए एक ओर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।