फोटो नंबर- 21चितवन वाटिका में तिरंगा लगाने के लिए लगाया गया एक सौ फुट ऊंचा पोल। संवाद
नारनौल। शहर में करीब दो दशक से बदहाल चितवन वाटिका पार्क के अब जल्द ही दिन बहुरने वाले हैं। नगर परिषद द्वारा करीब 90 लाख रुपये की लागत से पार्क बनाया जा रहा है। इसका कार्य इन दिनों जोरशोर से चल रहा है।
करीब दो दशक पहले भी यहां पार्क हुआ करता था और बाजार में आने वाले व शहर के लोग इसमें घूमने आदि के अलावा बैठक आदि भी किया करते थे, लेकिन दो दशकों से इस चितवन वाटिका पार्क का स्वरूप खत्म हो गया था। इसमें चारों और गंदगी फैली हुई थी। लोगों द्वारा इसके बहुत बड़े भाग में गंदगी डालनी शुरू कर दी थी। इसे शौच आदि के लिए भी प्रयोग करने लग गए थे।
वहीं इसकी खाली पड़ी कुछ जगह को पार्किंग बना दिया था। इसमें लोग अपनी गाड़ियां खड़ी करने लग गए थे। इसके अलावा करीब सात साल से इसमें सब्जियों की रेहड़ियां भी लग रही थीं। यहां एक मिनी सब्जी मंडी बन गई थी। चितवन वाटिका पार्क की ऐसी दशा हो जाने के कारण लोगों ने इसमें जाना ही बंद कर दिया था। अब फिर से पार्क का निर्माण कार्य गति से चल रहा है। इस पार्क का निर्माण हो जाने के बाद यह अपने नाम को सार्थक भी करेगी और लोगों के लिए घूमने व बैठने के लिए एक अच्छा स्थान भी बन जाएगा।
इंसेट
पार्क में ये रहेंगे आकर्षण के केंद्र
चितवन वाटिका पार्क में लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र इसके अंदर लहराने वाला एक सौ फुट का तिरंगा होगा जिसका पोल भी इसके बीचों-बीच खड़ा कर दिया गया है। वहीं पार्क में बैठने के लिए दो सुंदर हट, ओपन जिम, बच्चों के झूले, घूमने के लिए फुटपाथ, पेड़ पौधे आदि के साथ-साथ पार्किंग व शौचालय आदि भी व्यवस्था होगी।
वर्जन-
90 लाख रुपये की लागत से चितवन वाटिका पार्क को दुरुस्त किया जा रहा है। इसका कार्य चल रहा है। बहुत काम हो भी चुका है। जल्द ही लोगों को अब पार्क सुंदर नजर आएगा।-सुंदर सिंह श्योराण। एक्सईएन नगर परिषद