मंडी अटेली। गांव भौड़ी की बणी में जाहरवीर गोगा जी महाराज का दो दिवसीय सालाना मेला हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस मेले में कुश्ती दंगल और विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। दंगल में भारत केसरी सोनीपत के चिराग ने दीपक खुड्डन को हराया।
हरिओम टाइल्स ने विजेता पहलवान को 31 हजार रुपये का इनाम दिए। दौड़ और लंबी कूद में भी कई खिलाड़ियों ने पुरस्कार जीते। कबड्डी प्रतियोगिता में सुल्तान टीम भौड़ी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। तमिल थलवाई की टीम दूसरे स्थान पर रही। अजीत सिंह ढाणी हरसुख ने विजेता टीम को 1 लाख 51 हजार रुपये दिए। उपविजेता टीम को 1 लाख रुपये का नकद इनाम मिला।
वीरेंद्र को बेस्ट रेडर और आशीष को बेस्ट कैचर चुना गया। लड़कियों की कबड्डी में जींद की टीम विजेता रही और भिवानी की टीम उपविजेता बनी। सरपंच प्रदीप चौहान ने कहा कि यह मेला आस्था और आपसी भाईचारे का प्रतीक है।
उन्होंने बताया कि खेल प्रतियोगिताएं युवाओं को नशे से दूर रखकर खेलों से जोड़ने के लिए कराई गईं। रविवार को अंतिम दिन श्रद्धालुओं ने गोगा जी महाराज के धोक लगाई और मन्नतें मांगीं। संवाद