फोटो नंबर-14आईटीआई मैदान में आयोजित शहीदी दिवस कार्यक्रम में प्रस्तुति देते स्कूली बच्चे। संव
नारनौल। शहीदी दिवस के अवसर पर रविवार को स्थानीय महेंद्रगढ़ रोड स्थित आईटीआई मैदान में युवा साथी ग्रुप हरियाणा और उड़ान जनसेवा ट्रस्ट ढ़ाणी बाठोठा के द्वारा शहीद भगत सिंह, राजगुरु व सुखदेव के शहीदी दिवस पर ''नमन-ए-शहादत'' देशभक्ति रागनी कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा से सांसद चौधरी धर्मवीर सिंह मौजूद रहे, जबकि अध्यक्षता विधायक ओमप्रकाश यादव ने की। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष भारती सैनी व जिला प्रमुख डॉ. राकेश कुमार भी मौजूद रहे। इस मौके पर हरियाणा के प्रसिद्ध रागिनी कलाकारों ने देशभक्ति प्रस्तुत दी। वहीं स्कूली बच्चों ने उरी हमले व पाकिस्तान में घुसकर उसमें शामिल आतंकवादियों को मारने की घटना का नाट्य रूपांतरण भी प्रस्तुत किया। इस मौके पर सांसद चौधरी धर्मवीर ने कहा कि आज जिस खुली हवा में सांस ले रहे हैं यह शहीदों की देन है।
उन्होंने कहा कि देश के लिए भगत सिंह, सुखदेव व राजगुरु को कभी भुलाया नहीं जा सकता। वहीं विधायक ओमप्रकाश यादव ने इस आयोजन के लिए युवा साथी ग्रुप हरियाणा व उड़ान सेवा ग्रुप ढाणी बाठोठा के पदाधिकारियों को ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने के लिए बधाई देते हुए कहा कि उनके द्वारा आयोजित इन कार्यक्रमों से हमारे युवाओं में जहां देशभक्ति की भावना पैदा होती है। वहीं शहीदों को नमन करते हुए भारती सैनी ने कहा कि शहीदों के कारण ही देश को 1947 में आजादी मिली।