मंडी अटेली। मुख्यमंत्री उड़न दस्ते ने कनीना मार्ग पर स्थित केले के गोदाम पर बिजली विभाग के जेई और मार्केट कमेटी के सचिव को साथ लेकर वीरवार को छापा मारा। इस दौरान मीटर पर स्वीकृत 20 किलोवाट से ज्यादा लोड होने पर मीटर को सील कर जांच के लिए प्रयोगशाला में भेज दिया।
मुख्यमंत्री उड़न दस्ते को सूचना मिली थी कि कनीना सड़क मार्ग पर गांव भीलवाड़ा निवासी संदीप कुमार केले के गोदाम पर कॉल स्टोर को स्वीकृत बिजली के लोड से अधिक क्षमता का भार डालकर बिजली का प्रयोग कर रहा है। इस सूचना पर सीएम उड़न दस्ते के सब निरीक्षक सतेंद्र कुमार, गुप्तचर विभाग के सब निरीक्षक लीला राम, बिजली निगम के जेई, मार्केट कमेटी के सचिव यदुराज व हवलदार पवन कुमार की टीम ने केले के गोदाम में छापा मारा और गोदाम चलाने के दस्तावेज मांगे जो उपलब्ध नहीं हो पाए। गोदाम मालिक ने बिजली निगम से 20 किलोवाट की क्षमता का तीन फेस का मीटर लगवाया हुआ है लेकिन यह मीटर केले के लिए स्वीकृत था। गोदाम मालिक ने इसी परिधि में निर्माण कार्य चला रखा था जहां इसी मीटर से केबल लगाकर वन बीपीएच की मोटर चला रखी थी जो नियम अनुसार गलत है। बिजली निगम का कहना है कि जब बिजली की क्षमता आंकी गई तो वह स्वीकृत भार 20 किलोवाट की न होकर 7396 किलोवाट पाई गई। इसके कारण उस मीटर को उतार कर सील किया गया और उसे जांच के लिए लैब में भेज दिया गया। वहीं बिजली आपूर्ति बहाल करने के लिए दुसरा मीटर लगाया गया।