महेंद्रगढ़। महेंद्रगढ़ में मंगलवार से शुरू हुए सीबीएसई नेशनल गर्ल्स बास्केटबॉल प्रतियोगिता के तीसरे दिन तीनों वर्गों के मुकाबले हुए। टैगोर स्कूल में अंडर 14, 17 और अंडर 19 वर्ग के लीग मैच पूरे हो गए। अंडर-19 वर्ग में इंटरनेशनल इंडियन स्कूल जेद्दा (सऊदी अरब) ने इंडियन इंग्लिश अकादमी कुवैत को हराया।
शुक्रवार को नॉकआउट के आधार पर मुकाबले कराए जाएंगे। अंडर 14 वर्ग वर्ग में इंडिया नेशनल स्कूल पुणे ने डीपीएस छत्तीसगढ़ को हराया। वेलाम्मल विद्यालय चेन्नई ने सायग्नस वर्ल्ड स्कूल गुजरात को हराया। सेंट मैरी कॉन्वेंट उदयपुर ने रॉकवेल तेलंगाना को मात दी। वहीं गीतांजलि स्कूल सोनीपत ने डीपीएस नॉर्थ कर्नाटका को हराया। फादर एंजल स्कूल नोएडा ने सेंट सोल्जर पंचकूला को हराया।
इसके अलावा सेक्रेड हार्ट चंडीगढ़ और शिशुकुंज इंटरनेशनल मध्य प्रदेश ने भी जीत दर्ज की। वहीं सुगुना पीप स्कूल कोयंबटूर (तमिलनाडु) का मैच समाचार लिखे जाने तक जारी था।
अंडर 17 वर्ग में डीपीएस तेलंगाना ने गुरु नानक मिशन स्कूल पांवटा साहिब को हराया। डीपीएस छत्तीसगढ़ ने ग्यानोदय नीमच को मात दी। गुरु नानक पब्लिक स्कूल चंडीगढ़ ने सोफिया गर्ल्स स्कूल कोटा को हराया। मेरठ पब्लिक स्कूल ने एपीएस नारंगी असम पर जीत दर्ज की। दिन का सबसे रोमांचक मुकाबला गीतांजलि स्कूल सोनीपत और डीएवी लुधियाना के बीच खेला गया। इसमें गीतांजलि ने आखिरी मिनट में बाजी मारते हुए 56-53 से जीत दर्ज की।
इंसेट
कर्नाटका ने एसजेसी भोपाल को 32-31 से हराया
दूसरे मुकाबले में श्री कुमारन स्कूल कर्नाटका ने एसजेसी भोपाल को बेहद कड़े संघर्ष में 32-31 से हराया। निर्धारित समय तक मैच 25-25 से बराबर रहा और एक्स्ट्रा टाइम के आखिरी 10 सेकेंड में श्री कुमारन की टीम ने दो अंक जोड़कर जीत अपने नाम की। प्राचार्या वीरेंद्र सिंह ने बताया कि आज लीग मुकाबले पूरे हो गए। अब कल से नॉकआउट दौर शुरू होगा। चेयरमैन डॉ. बीएल यादव ने कहा कि यह टूर्नामेंट केवल जीत-हार का नहीं बल्कि बेटियों की मेहनत और संघर्ष का उत्सव है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की शुभकामनाएं दीं।