नारनौल। रोडवेज बस में एक महिला के पर्स से नकदी व आभूषण चोरी हो गए। थाना नांगल चौधरी की पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
राजस्थान के सिंघाना निवासी कुंती सैनी ने थाना नांगल चौधरी में दी शिकायत में बताया कि वह मंगलवार को दोपहर करीब 1:15 बजे कोटपुतली से नारनौल जाने के लिए रोडवेज बस में बैठी थी। बस में भीड़ होने के कारण उसे सीट नहीं मिली और वह अपने बच्चे व सामान के साथ खड़े होकर सफर कर रही थी।
जब बस नांगल चौधरी पहुंची और एक सीट खाली हुई तो वह उस पर बैठ गई। पीड़िता के अनुसार सीट पर बैठते ही उसने पर्स संभाला तो उसकी चैन खुली मिली। पर्स जांचने पर उसमें रखे कान के टॉप्स व 50 हजार रुपये नकद सहित अन्य सामान गायब पाया गया।
महिला ने शोर मचाकर तुरंत बस चालक और परिचालक को घटना की जानकारी दी लेकिन आरोप है कि दोनों ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। बाद में पीड़िता ने अपने परिजनों को सूचना दी और थाना नांगल चौधरी पहुंचकर लिखित शिकायत दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। संवाद