नारनौल जिला कचहरी में स्थित एसबीआई की ब्रांच में लगे एटीएम के साथ छेड़छाड़ कर 98 हजार 500 रुपये की नकदी निकालने, झूठी शिकायत देकर बैंक से राशि की धोखाधड़ी करने के आरोप में पुलिस ने दो के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
एसबीआई के सहायक मैनेजर जसवंत सिंह यादव ने पुलिस में शिकायत दी है कि बैंक की शाखा के साथ दो एटीएम मशीन जिला कचहरी में लगी हुई है, जिससे फ्रॉड व धोखाधड़ी करते हुए 98 हजार 500 रुपये की नकदी निकाली गई। 11 सितंबर 2022 को आरोपी अमीर और आरोपी अनिल कुमार ने एटीएम से राशि निकाली थी। आरोपी अमीर का खाता नंबर 918010114225594 एक्सेस बैंक, अशोक विहार अलवर में है, जिसने 39 हजार 500 रुपये मशीन से तकनीकी छेड़छाड़ कर निकाले थे।
आरोपी अनिल कुमार का खाता नंबर 10070079712 बैंक आईडीएफसी शाखा बहरोड जिला अलवर राजस्थान में है, उसने 59 हजार रुपये एटीएम के साथ तकनीकी छेड़छाड़ करके निकाल लिए लेकिन ट्रान्जेक्शन पूरी नहीं हो सकी। इसके बाद उपरोक्त आरोपियों ने अपने बैंक में शिकायत कर दी कि उनकी राशि एटीएम मशीन से नहीं निकली और हमारे पैसे कट गए। इस शिकायत के बाद ऑनलाइन पैसे उपरोक्त आरोपियों के खाते में डाल दिए गए। जबकि आरोपियों ने बैंक व एटीएम के साथ छेड़छाड़ करके पैसे भी प्राप्त कर लिए और बैंक का खाता डेबिट हो गया। इसका खुलासा सीसीटीवी फुटेज से हुआ, जिसमें आरोपी मशीन से छेड़छाड़ करते और राशि निकालते मिले। पुलिस ने शिकायत पर अमीर निवासी गगवानी जिला मेवात हरियाणा व अनिल कुमार निवासी थाना गोदा विशनपुर जिला अलवर राजस्थान के खिलाफ केस दर्ज किया है।