नारनौल। मुख्यमंत्री उड़नदस्ता रेवाड़ी की टीम ने धोलेड़ा क्रशर जोन में छापा मारा। इस मौके उड़नदस्ता की टीम के साथ खुफिया विभाग, आरटीए व माइनिंग विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे। इस दौरान टीम द्वारा कुल नौ ओवरलोड वाहनों को पकड़कर करके पार्किंग में बंद किया। वहीं उन पर 2 लाख 33 हजार 500 रुपये का जुर्माना भी लगाया।
जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री उड़नदस्ता की टीम को चोरी छुपे ओवरलोड वाहनों के आगमन की शिकायत मिल रही थी। इस पर बुधवार दोपहर करीब एक बजे मुख्यमंत्री उड़नदस्ता, आरटीओ विभाग व माइनिंग विभाग ने संयुक्त रूप से टीम धोलड़ा क्रशर जोन पर छापा मारा। इस मौके पर मुख्यमंत्री उड़नदस्ता की तरफ से ईएसआई कर्मपाल तथा मुख्य सिपाही, खुफिया विभाग से जिला निरीक्षक विश्वजीत, माइनिंग निरीक्षक तनु जोशी व आरटीए विभाग की तरफ से आरटीओ सहायक सचिव प्रदीप शर्मा मौजूद रहे। आरटीओ विभाग की तरफ से वाहनों की जांच के दौरान ई-रवाना पर्ची चेक की गई तथा सभी वाहनों का वचन करवाया गया। इस दौरान कुल 9 ओवरलोड वाहन पकड़े गए। जबकि माइनिंग विभाग की तरफ से वाहनों में कोई कमी नहीं पाई गई। जिस पर आरटीओ विभाग ने सभी वाहनों के चालान करके पार्किंग में बंद करवाया गया और इन पर 2 लाख 33 हजार 500 का जुर्माना लगाया गया। इसके अलावा मुख्यमंत्री उड़नदस्ता टीम नांगल पीपा में राशन डिपो पर भी छापामारा। मगर जांच में कोई कमी नहीं पाई गई।