नांगल सिरोही में लोगों से मिलते पूर्व शिक्षामंत्री प्रो. रामबिलास शर्मा। संवाद
- फोटो : Narnol
राजस्थान के पूर्व विधायक प्रेम सिंह बाजोर के साथ बीते रविवार को जयपुर हाईवे पर स्थित जय सिंहपुर खेड़ा बार्डर पर दुर्व्यवहार करने वाले किसान नहीं हो सकते। कुछ राजनैतिक लोग किसानों को बदनाम करने का काम कर रहे हैं। इसलिए किसान सतर्क रहकर ऐसे लोगों को पहचानें। उक्त बातें भाजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व शिक्षा मंत्री प्रो. रामबिलास शर्मा ने सोमवार को गांव नांगल सिरोही में किसानों की समस्या सुनते हुए कहीं।
प्रो. शर्मा ने कहा कि राजस्थान भाजपा नेता प्रेमसिंह बाजोर ने दो बार राजस्थान में विधायक एवं सैनिक कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष पद पर रहते हुए लोगों की सेवा की है। उन्होंने अपनी मेहनत की कमाई में से 25 करोड़ रुपये राजस्थान में देश के लिए मर-मिटने वाले अमर शहीदों की मूर्तियां बनवाने का कार्य कर सही मायने में देश के सैनिकों का सम्मान करने का कार्य किया है। यह अपमान प्रेम सिंह बाजोर का न होकर देश के लिए कार्य करने वाले हर व्यक्ति का अपमान है। ऐसे जमीन से जुड़े व्यक्ति के साथ इस तरह का व्यवहार किए जाने पर हरियाणा व राजस्थान के लोगों में इस घटना को अंजाम देने वालों के खिलाफ भारी रोष है।
उन्होंने कहा कि पिछले दिनों आंदोलन के नाम पर बहादुरगढ़ के कसार गांव निवासी मुकेश मुदगिल को जिस तरह से जलाकर मारा गया, बंगाल की युवती के साथ दुष्कर्म की घटना की जितनी निंदा की जाए वह कम है। इस प्रकार एक के बाद एक घटनाएं दर्शा रही हैं कि अब यह आंदोलन साम्यवादी व कांग्रेस के हाथों चला गया है। ये लोग अब किसान आंदोलन के नाम पर देश में अराजकता फैलाना चाहते हैं।