Mahendragarh: पेयजल समस्या को लेकर नहरी विभाग के कर्मचारियों ने खोला मोर्चा, अभियंता पर लगाए आरोप
Tue, 07 May 2024 02:06 PM IST
नवीन दलाल
संवाद न्यूज एजेंसी, महेंद्रगढ़ (हरियाणा)
सार
महेंद्रगढ़ में पानी की समस्या के समाधान के लिए अन्य कर्मचारियों के साथ सिंचाई विभाग के अभियंता अजेंद्र सिंह से मुलाकात करने पहुंचे तो अधिकारी व कर्मचारी आमने-सामने हो गए। कर्मचारियों का कहना है कि अभियंता ने उन्हें गालियां देते हुए मारने के लिए दौड़े तथा अभद्र व्यवहार किया।
महेंद्रगढ़ की प्यास बुझाने की जिम्मेदारी उठा रहे नहरी विभाग के कर्मचारी स्वयं ही पिछले आठ माह से टेंकर के सहारे पानी पी रहे हैं। नहरी विभाग के स्वयं के अपने भवन एवं कालोनी में पेयजल की समस्या से परेशान नहर कालोनी के वासी एवं विभाग के उपमंडल अधिकारी व कर्मचारी अपने ही अभियंता के खिलाफ धरने पर बैठ गए हैं।
विज्ञापन
मंगलवार को जब उपमंडल अधिकारी व जेई नहरी कालोनी में पानी की समस्या के समाधान के लिए अन्य कर्मचारियों के साथ सिंचाई विभाग के अभियंता अजेंद्र सिंह से मुलाकात करने पहुंचे तो अधिकारी व कर्मचारी आमने-सामने हो गए। कर्मचारियों का कहना है कि अभियंता ने उन्हें गालियां देते हुए मारने के लिए दौड़े तथा अभद्र व्यवहार किया। इसके बाद करीब एक बजे अभियंता के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कर्मचारी सिंचाई विभाग भवन के मुख्य द्वार पर धरना लगाकर बैठ गए।
इस दौरान कर्मचारियों ने अभियंता के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कर्मचारियों का कहना है कि विभाग के भवन में लंबे समय से पानी नहीं होने के कारण शौचालयों में भारी दुर्गंध है। कर्मचारी अपने पैसे से अभी तक पानी का टेंकर मंगवाकर प्यास बुझा रहे थे। नहर कालोनी का बोरवेल फेल हुए करीब एक साथ बीत गया लेकिन समाधान नहीं हुआ है। कालोनी में 20 से अधिक परिवारों के सामने पेयजल संकट खड़ा हो गया है। जब तक समाधान नहीं होगा धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा।