महेंद्रगढ़। सेवा संकल्प अभियान के तहत मंगलवार को खंड महेंद्रगढ़ के गांव नांगल सिरोही स्थित ग्राम सचिवालय और खंड सतनाली के माधोगढ़ पंचायत भवन में शिविर लगाए गए। अगला शिविर 24 सितंबर को महेंद्रगढ़ की यादव धर्मशाला में आयोजित होगा। एसडीएम योगेश सैनी ने मौके पर पहुंचकर कैंप का जायजा लिया और लाभार्थियों से बातचीत की।
दोनों गांवों में पहुंची प्रशासनिक टीम ने ग्रामीणों को सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और मौके पर ही पात्र लोगों के फॉर्म भरवाए। सबसे ज्यादा भीड़ दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना के पंजीकरण को लेकर देखी गई, क्योंकि इस योजना की वार्षिक आय पात्रता सीमा बढ़ाकर 1.80 लाख रुपये कर दी गई है।
इससे बड़ी संख्या में महिलाएं अब इस योजना के दायरे में आ गई हैं। इसके अलावा मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना के तहत भी कई आवेदन दर्ज हुए। मौके पर ही अधिकतर शिकायतों का निपटारा किया। संवाद