महेंद्रगढ़। बिजली संबंधी समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए निगम अधिकारियों ने शहर में केबल बदलने का काम शुरू करवा दिया है। करीब 1800 मीटर लंबी बिजली केबल बदली जानी है। इसके साथ ही 30 से अधिक बिजली के खंभे भी लगाए जाने हैं। यह काम दिसंबर के अंत तक पूरा हो जाएगा।
इसके बाद करीब 50 हजार से अधिक आबादी के लोगों को बिजली फॉल्ट से राहत मिलेगी। शहर की अनेक कॉलोनियों व मोहल्लों में घरों और गली के बीच बिजली की लटकती केबल लगातार हादसों का सबब बनी हुई थी। इसके अलावा मसानी चौक, भगवान परशुराम चौक से कॉलेज रोड तक केबल पुरानी होने के कारण उसे बदली जा रही है। बिजली जर्जर होने के कारण अघोषित कट लग जाते थे। जिससे लोगों को परेशानी होती थी।
अब बिजली निगम की ओर से कार्य शुरू करने से उपभोक्ताओं को राहत मिल जाएगी। इससे उपभोक्ताओं को जहां बिजली फॉल्ट से छुटकारा मिलेगा तो बिजली चोरी न होने पर बिजली निगम को भी घाटा नहीं झेलना पड़ेगा।
शहर की विभिन्न कॉलोनियों, मोहल्लों व मुख्य मार्गों पर बिजली निगम पुरानी और जर्जर केबल की जगह 1800 मीटर लंबी एलटी केबल लगा रहा है। केबल और पोल बदलने में करीब 10 लाख रुपये खर्च आएगा। निगम अधिकारियों की मानें तो नई मोटी केबल डाली जा रही है। इससे उपभोक्ताओं को अघोषित कटों से राहत मिलेगी।
इंसेट
15 से अधिक जगह पकड़ी बिजली चोरी
नवंबर में बिजली टीमों ने शहर व ग्रामीण क्षेत्र में 15 जगह पर बिजली चोरी पकड़ी है। टीमों ने कुंडीमारों पर नोटिस जारी किया जा चुका है। जिन मोहल्लों, कॉलोनियों में बिजली लोड बढ़ा हुआ है, उन पर निगम की नजर है। इन स्थानों पर टीम जांच कर रही हैं।
वर्जन....
शहर में पुरानी केबल और खंभे बदलने का कार्य शुरू करवा दिया है। कुछ स्थानों पर काम हो चुका है। अन्य क्षेत्रों में भी जल्द काम करवा दिया जाएगा। प्रयास है कि किसी भी बिजली उपभोक्ता को परेशानी न उठानी पड़े।- - वेदप्रकाश, कनिष्ठ अभियंता, बिजली निगम कार्यालय, महेंद्रगढ़