महेंद्रगढ़। शहर के बस स्टैंड तक पहुंचने वाला मुख्य मार्ग लंबे समय से बदहाल स्थिति में है। सड़क जगह-जगह से उखड़ चुकी है और उस पर बड़े-बड़े गड्ढे व बिखरे रोड़े वाहन चालकों और राहगीरों के लिए परेशानी का कारण बने हुए हैं। रोज हजारों यात्रियों का आवागमन होने के बावजूद इस सड़क की सुध नहीं ली जा रही है।
बस स्टैंड तक पहुंचने वाले ऑटो चालक, निजी वाहन चालक और पैदल यात्री सबसे अधिक परेशान हैं। सड़क पर बने गड्ढों के कारण दोपहिया वाहन चालकों को दुर्घटना का खतरा बना रहता है। बारिश होने पर इन गड्ढों में पानी भर जाता है। वहीं, सड़क पर बिखरे रोड़ों के कारण वाहनों के फिसलने का भी डर बना रहता है।
दो वर्षों से लोक निर्माण विभाग व रोडवेज विभाग की आपसी तालमेल के अभाव में बस स्टैंड पर यात्रियों के आवागमन के लिए बने तीसरे मार्ग की स्थिति अत्यंत दयनीय हो गई है। हुड्डा पार्क के साथ बने इस मार्ग की स्थिति लंबे समय से उपेक्षा का शिकार रही है।
बारिश के दिनों में तो जलभराव जैसी स्थिति हो जाती है। अब यह मार्ग यात्रियों, खासकर बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों के लिए भारी परेशानी का कारण बन चुका है। इस मार्ग पर सड़क कम रोड़े व गड्ढे ज्यादा दिखाई देते है।
सड़क में गड्ढे और टूटी-फूट होने से यात्रियों को आवागमन करते समय ठोकरें खानी पड़ रही हैं। इस 200 मीटर मार्ग के साथ पार्किंग का मार्ग भी बनाया जाएगा। यह मार्ग सीसी का बनाया जाएगा। इस मार्ग से एक हजार यात्री प्रतिदिन आवागमन करते है।
समाजसेवी रामनिवास, प्रमोद, किशोर ने बताया कि यह मार्ग शहर का प्रमुख रास्ता है, जहां से प्रतिदिन स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थी, नौकरीपेशा लोग और ग्रामीण क्षेत्र से आने वाले यात्री बस स्टैंड पहुंचते हैं।
वर्जन....
बस स्टैंड के मुख्य द्वार से बस स्टैंड तक 200 मीटर सड़क मार्ग के निर्माण के लिए करीब 50 लाख रुपये का एस्टीमेट बनाया गया है। एस्टीमेट को स्वीकृति के लिए उच्च अधिकारियों को भेजा गया है। स्वीकृति मिलते ही सड़क निर्माण शुरू कराया जाएगा।
-हरिकिशन, इंचार्ज, बस स्टैंड, महेंद्रगढ़