महेंद्रगढ़। अब महेंद्रगढ़ क्षेत्र के लोगों को दोपहर रेवाड़ी के लिए बस सेवा मिलनी शुरू हो गई है। यह बस प्रतिदिन रेवाड़ी डिपो से 10:55 बजे चलकर ग्रामीण रूट से होते हुए दोपहर एक बजे महेंद्रगढ़ शहर के मसानी चौक पर पहुंचेगी। मसानी चौक से 1:20 बजे वापसी इसी रूट से होगी। तीन बजे रेवाड़ी पहुंचेगी।
मंगलवार को महेंद्रगढ़ बस स्टैंड पहुंचने पर चालक धर्मबीर और परिचालक सुरेंद्र का सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों ने फूलमाला पहनाकर और लड्डू खिलाकर स्वागत किया। इस बस सेवा के शुरू होने से चार विधानसभा क्षेत्र महेंद्रगढ़, अटेली, कोसली और बावल के 50 से अधिक गांवों की आने-जाने में सहूलियत होगी। दोपहर के समय बस चलवाने की मांग को लेकर सामाजिक संगठन के पांच माह से संघर्ष कर रहें थे, क्याेंकि रेवाड़ी से दोपहर 9:30 के बाद 12:30 बजे ही बस सेवा थी। अब यह बस रेवाड़ी डिपो से 10:55 पर चलकर 1:20 बजे शहर के मसानी चौक पर पहुंचेगी।
इंसेट
इन गांवों के यात्रियों को मिलेगा लाभ
बवानियां-कुंड-रेवाड़ी रूट पर दोपहर मेें बस सेवा के शुरू होने पर गांव कुंड, भैरू का बांस, मोहनपुर, नांगल, ऊंचा, नीचा, गोमला, सुंद्रह, भोजावास, बवानियां, डुलाना गांव के ग्रामीणों को लाभ मिलेगा। यह बस महेंद्रगढ़ के मसानी चौक से प्रतिदिन इसी निर्धारित ग्रामीण रूट से होते हुए रेवाड़ी जाएगी। बस सेवा शुरू होने से ग्राम पंचायतों व सामाजिक संगठनों ने स्थानीय प्रतिनिधियों व अधिकारियों का आभार जताया है। इस मौके पर समाजसेवी रामनिवास पाटोदा, संदीप बचीनी मंडल अध्यक्ष भाजपा, वेदप्रकाश अड्डा इंचार्ज, हवा सिंह, आशीष, मदन, राजेंद्र, महेंद्र, पवन, जगदीप, रणसिंह, मनोज, ललित, अमर सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
-
- वर्जन:
यात्रियों की मांग पर रेवाड़ी डिपो की ओर से यह बस सेवा शुरू कर दी गई है। हालांकि यह बस मसानी चौक तक आवागमन करेगी। इस बस सेवा के शुरू होने से महेंद्रगढ़ क्षेत्र के 15 से अधिक गांवों को लाभ मिलेगा।- वेद प्रकाश, अड्डा इंचार्ज, राज्य परिवहन बस स्टैंड महेंद्रगढ़।