नारनौल। छात्र-छात्राओं के लिए बस पास की सुविधा को लेकर जारी आदेशों के बावजूद जमीनी स्तर पर स्थिति स्पष्ट न होने से परेशानी बढ़ती जा रही है। खासकर यह स्पष्ट नहीं है कि किन श्रेणी की निजी या सहकारी बसों में पास मान्य है और किन में नहीं। इसी असमंजस का खामियाजा छात्रों को भुगतना पड़ रहा है।
सोमवार को केंद्रीय विश्वविद्यालय में पढ़ने वाली छात्राएं दादरी-नारनौल रूट पर चल रही एक सहकारी समिति की बस में सवार हुई थीं। जब परिचालक ने किराया मांगा तो उन्होंने अपना बस पास दिखाया लेकिन परिचालक ने यह कहकर मना कर दिया कि उनके पास इस संबंध में कोई लिखित निर्देश नहीं हैं। उन्होंने साफ कहा कि या तो किराया दें या अगले स्टॉप पर उतर जाएं। मजबूरी में छात्राओं को किराया देकर कॉलेज पहुंचना पड़ा।
परमिट श्रेणियों में उलझन, स्पष्टता का अभाव
परिवहन आयुक्त की ओर से सहकारी समिति की बसों में भी बस पास मान्य करने के आदेश जारी किए जा चुके हैं जिससे छात्र-छात्राएं रोडवेज की तरह इन बसों में भी निशुल्क सफर कर सकें लेकिन जिले में विभिन्न प्रकार के परमिट पर निजी और सहकारी बसें संचालित हो रही हैं। इनमें कौन-सी बस सहकारी समिति के अंतर्गत आती है और किन बसों में पास लागू है, इसको लेकर प्रशासन और आरटीए विभाग की ओर से अभी तक कोई स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी नहीं किए गए हैं।
बॉक्स
मैंने पास दिखाया लेकिन परिचालक ने लिखित निर्देश प्राप्त नहीं होने की बात कहकर किराया मांगा। मैंने मजबूरन किराया देकर सफर किया। गत 23 अप्रैल को मैंने पंजीकृत मेल पर भी शिकायत दर्ज करवाई थी लेकिन अभी तक उसका कोई जवाब नहीं आया है। -कोमल, छात्रा
बॉक्स
किन बसों में पास मान्य है किन बसों में नहीं है, आरटीए व सरकार को इस बारे में स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। क्योंकि कोई भी निजी बस हो सभी परिचालक यह कहते हैं कि हमें निर्देश प्राप्त नहीं हुए हैं।
-रितु, छात्रा
बॉक्स
परिचालकों को व्यवहार सख्त होता है और पास दिखाते समय डर लगता है। क्योंकि परिचालक का हमेशा यही जवाब होता है कि या तो किराया दो वरना अगले स्टॉप पर उतर जाओ।
-रश्मि, छात्रा
बॉक्स
निजी बस चालक-परिचालक बस में चढ़ने से पहले ही कहने लग जाते हैं। किराया लगेगा पास मान्य नहीं, अगर किराया हो तभी बस में बैठना। इससे शर्मिंदगी का अहसास होता है।
-लोकश, छात्र
वर्जन :
विभिन्न श्रेणी के परमिट जारी हैं जिसके तहत निजी बसों का संचालन हो रहा है। परमिट में जारी दिशा-निर्देश व शर्तों को मानना अनिवार्य है। छात्र-छात्राएं आरटीए कार्यालय में शिकायत दर्ज करवा सकती है, बस नंबर देखकर पता किया जाएगा कि उन बसों में पास मान्य है या नहीं।
-मनोज कुमार, आरटीए, नारनौल