प्रेम गली में इंपाउंड बुलेट को लेकर जाते पुलिसकर्मी।
महेंद्रगढ़। शहर की प्रेम गली में बुलेट राजा को पटाखा बजाना महंगा पड़ गया। मंगलवार को पुलिस ने अभियान चलाकर 25 शरारती तत्वों के वाहनों के चालान किए। शहर थाना पुलिस ने गलियों में मोटरसाइकिलों पर घूमते शरारती तत्वों की बाइकों के दस्तावेजों की जांच की। शहर की प्रेम गली में पटाखा फोड़ रहे एक युवक की बाइक का 34000 का चालान काटकर जब्त कर ली। इसके अलावा 20 वाहनों का चालान व बुलेट सहित 5 बाइकों को जब्त किया। इनमें वाहनों के बिना दस्तावेज, बिना हेलमेट, बाइक पर तीन सवारियां बैठाकर चलने व यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के चालान काटे गए। इससे पहले 17 अप्रैल को 32500 का चालान किया गया था।
शहर थाना प्रभारी देवेंद्र कुमार ने बताया कि बिना कागजों के सड़कों पर दौड़ रहे वाहनों में यातायात के नियमों का पालन न करने वाले लोगों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सतनाली चौक के पास शहर के अंदर जाने ने के लिए गली बनी हुई है जिसमें कॉलेज की छात्राएं गुजरती हैं और उस गली में गुजरते समय शरारती तत्व, लड़कियों के साथ बदतमीजी करते हैं। जब इस बात का शहर थाना पुलिस के अधिकारी देवेंद्र कुमार को पता चला तो उन्होंने तुरंत संज्ञान लेते हुए अपने थाने के कर्मचारियों को मौके पर जाकर शरारती तत्वों के चालान काटने के आदेश दिए।