फोटो 1हैफेड गोदाम के पीछे अवैध निर्माण को तोड़ते डीटीपी टीम।स्रोत विभाग
नारनौल। जिला नगर योजनाकार (डीटीपी) की टीम ने मंगलवार को निजामपुर रोड स्थित हैफेड गोदाम के पीछे मंदिर व वक्फ बोर्ड की जमीन पर हो रहे अवैध निर्माण पर बड़ी कार्रवाई की। विभाग की टीम ने करीब तीन एकड़ भूमि पर किए गए निर्माण को ध्वस्त कर दिया।
कार्रवाई के दौरान तीन डीपीसी, तीन चहारदीवारी और दो मकानों को तोड़ा गया। कॉलोनी में बनाए गए सभी रोड नेटवर्क भी उखाड़ दिए गए।
यह कार्रवाई ड्यूटी मजिस्ट्रेट एवं सहायक नगर योजनाकार सतेंद्र कुमार की अगुवाई में पुलिस बल और जिला प्रशासन की मौजूदगी में की गई। जिला नगर योजनाकार मंदीप सिंह सिहाग ने बताया कि नियंत्रित व शहरी क्षेत्र में बिना विभागीय अनुमति के किसी भी प्रकार का निर्माण करना अवैध है।
उन्होंने लोगों से अपील की है कि कृषि भूमि को रिहायशी या व्यावसायिक उपयोग में बदलने से पहले नगर एवं ग्राम आयोजना विभाग, हरियाणा से लाइसेंस और अनुमति लेना जरूरी है। उन्होंने चेतावनी दी कि अवैध कॉलोनियों में प्लॉट खरीदने या निर्माण करने वालों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
लोगों से किसी भी प्लॉट को खरीदने से पहले कॉलोनी की वैधता जिला नगर योजनाकार कार्यालय से जांचने की सलाह दी।