फोटो 19करंट लगने से मृत राष्ट्रीय पक्षी। ग्रामीण
मंडी अटेली। गांव राता में मंगलवार सुबह बिजली के 11 हजार वोल्ट के तारों से करंट लगने से राष्ट्रीय पक्षी मोर की मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों में रोष देखा गया। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में बिजली के तार काफी नीचे होने के कारण आए दिन पक्षी करंट की चपेट में आ रहे हैं।
गांव के सरपंच प्रतिनिधि बेदू सिंह राता ने बताया कि यह समस्या करीब दो वर्षों से बनी हुई है। इस दौरान 20 से अधिक राष्ट्रीय पक्षियों सहित 30 से 40 अन्य पक्षियों की भी बिजली के तारों की वजह से मौत हो चुकी है। हाल के दिनों में यह पांचवें राष्ट्रीय पक्षी की मौत का मामला सामने आया है।
स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव, बिजली विभाग और हाल ही में हुए जिला उपायुक्त के रात्रि ठहराव के दौरान भी लिखित में ज्ञापन देकर गांव में खुले तारों को हटाकर केबल लाइन लगाने की मांग की गई थी लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।