फोटो संख्या:61- पाथेड़ा-धनौंदा मार्ग पर जवाहरलाल नेहरू नहर के क्षतिग्रस्त पुल का निरीक्षण करते
कनीना। पाथेड़ा से धनौंदा जाने वाले संपर्क मार्ग पर जवाहरलाल नेहरू नहर के पुल की दोनों ओर रेलिंग टूटने से हादसे का खतरा बना हुआ है। इस मार्ग से रोजाना गुजरने वाले ग्रामीणों और वाहन चालकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। बहुजन समाज पार्टी के नेता अतरलाल ने पुल का निरीक्षण कर प्रशासन से रेलिंग की जल्द मरम्मत कराने की मांग की।
अतरलाल ने कहा कि पुल की रेलिंग काफी समय से टूटी हुई है। ग्रामीणों और किसानों ने कई बार संबंधित विभाग के अधिकारियों को समस्या से अवगत कराया लेकिन अभी तक समाधान नहीं हुआ। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर टूटी रेलिंग के पास मिट्टी से भरे कट्टे रखकर बचाव का प्रयास किया है।
उन्होंने बताया कि यह मार्ग महेंद्रगढ़ जाने का छोटा रास्ता है और धनौंदा, खरकड़ा बास, पाथेड़ा, छिथरोली व झाड़ली समेत कई गांवों के लोग इसका इस्तेमाल करते हैं। रेलिंग नहीं होने से पुल से गुजरते समय दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
अतरलाल ने कहा कि यदि जल्द मरम्मत नहीं हुई तो ग्रामीण धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। इस दौरान राजेंद्र सिंह नंबरदार, करतार प्रधान, डॉ. मुकेश पंच, मदन तंवर, पवन और सुरेश समेत कई ग्रामीण मौजूद रहे।