निजामपुर रोड पर थाना मोड़ के नजदीक गडरिया लुहारों की बैठक हुई जिसमें नपा पार्षद पुष्पा देवी के प्रतिनिधि सोनू तंवर मुख्य रूप से मौजूद रहे। इस दौरान जिला उपायुक्त से बीपीएल राशन कार्ड व शौचालय सुविधा उपलब्ध करवाने की गुहार लगाई।
पूजादेवी, सुभाष, कालूराम, पप्पूराम, इंद्रादेवी, कन्हैयाराम, फूलादेवी आदि ने बताया कि पिछले 40 साल से नांगल चौधरी में गडरिया लुहार रह रहे हैं। प्रशासन द्वारा उन्हें मताधिकार उपलब्ध करवा दिया गया किंतु सुविधाएं नहीं मिली हैं। मकान नहीं होने के कारण खुले आसमान नीचे रहना पड़ रहा है। इसके अलावा बीपीएल राशन कार्ड नहीं बने हैं। सरकार के निर्देशानुसार बीपीएल राशन कार्ड धारकों को गेहूं, आटा, चीनी, दाल आदि सामग्री सस्ते रेट मिलेंगे। लुहारों के पास मकान, भूमि व आमदनी के स्रोत नहीं हैं। मजदूरी करके परिवार का पालन-पोषण करते हैं। जोकि बीपीएल के मापदंड़ों पर खरे हैं, बावजूद विभागीय अधिकारी अनदेखी कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनावों के दौरान राजनेता विभिन्न सुविधाओं का आश्वासन देते हैं। जीतने के बाद सुध लेना भी उचित नहीं समझ रहे। इसके बाद सरकार व जिला प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। 15 दिन में बीपीएल राशन कार्ड और शौचालय सुविधा मुहैया करवाने की गुहार लगाई। इसके बाद हुड्डा पार्क में बैठक होगी, जिसमें धरना-प्रदर्शन की रणनीति बनेगी। सोनू तंवर ने बताया कि एडीसी को ज्ञापन सौंप दिया गया। उन्होंने एक सप्ताह में गडरिया लुहारों को विभिन्न सुविधा उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया है।