फोटो संख्या:72-सरकारी स्कूल में विद्यार्थियों को वितरित की गई पुस्तकें--स्रोत- संस्थान
महेंद्रगढ़। शिक्षा विभाग की पहल के तहत खंड के कई विद्यालयों सहित जिले के सात पीएमश्री विद्यालयों में पुस्तकें भेजी गई हैं। इन का उद्देश्य विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर को मजबूत करने के साथ-साथ उनकी सोचने और समझने की क्षमता को भी विकसित करना है। अब इन किताबों का वितरण विद्यार्थियों को कक्षा वाइज किया जा रहा है।
राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल के प्राचार्य सुनील गोरा ने बताया कि विभाग की ओर से सभी सरकारी स्कूलों में चरणबद्ध तरीके से पुस्तकें पहुंचाई जा रही हैं। इनमें सामान्य ज्ञान, साहित्य, विज्ञान और कला से जुड़ी किताबें भी शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि उनके विद्यालय में कक्षा तीन से पांचवीं तक कुल 213 पुस्तकों का सेट प्राप्त हुआ है जिन्हें विद्यार्थियों में वितरित कर दिया गया है। इनमें कक्षा तीन के लिए 50, कक्षा चार के लिए 72 और कक्षा पांचवीं के लिए 91 पुस्तकें शामिल हैं। जैसे-जैसे नए विद्यार्थियों का दाखिला होगा उन्हें भी यह पुस्तकें निशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी।
प्राचार्य ने बताया कि शिक्षा विभाग का मुख्य उद्देश्य इन पुस्तकों के माध्यम से बच्चों में ज्ञानवर्धन करना और उनकी शैक्षणिक गुणवत्ता को बेहतर बनाना है। इसके तहत अब सरकारी स्कूलों के पुस्तकालयों को भी नई और उपयोगी पुस्तकों से सुसज्जित किया जा रहा है।