नसीबपुर बस स्टैंड के पास बोलेरो की चपेट में आने से एक मोटरसाइकिल सवार की मौत हो गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल मोटरसाइकिल सवार को नागरिक अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर बोलेरो चालक पर मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी।
मिली जानकारी के अनुसार रविवार को गांव नसीबपुर के कुलदीप (32 वर्ष) अपने भाई संदीप के साथ किसी काम से नारनौल आ रहे थे। गांव के बस स्टैंड पर गलत दिशा में आ रही बोलेरो ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। जिससे मोटरसाइकिल पर बैठे दोनों भाई दूर जाकर गिर पड़े। जिससे कुलदीप के सिर में गहरी चोट लगी। लोगों ने घटना की जानकारी महावीर चौकी पुलिस को दी। सूचना पाकर चौकी इंचार्ज युद्धबीर ने घटना स्थल पर पहुंचकर घायल कुलदीप को नागरिक अस्पताल में पहुंचाया। जहां डाक्टरों ने कुलदीप को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सौंप दिया। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने बोलेरो चालक पर मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी।