महावीर चौक पर शव को लेकर जाम लगाते लोगों को समझाते डीएसपी मित्रपाल।
- फोटो : Narnol
शहर के सिंघाना रोड पर नहर के निकट झाड़ियों में रविवार को 22 वर्षीय युवक का सिर कटा अर्धनग्न अवस्था में शव मिला था। उसकी सोमवार को पहचान बसीरपुर निवासी अंकित के रूप हुई। अंकित महेंद्रगढ़ रोड स्थित बाबा खेतानाथ कांप्लेक्स में जिम संचालित करता था। परिजनों ने उसके दोस्तों पर ही उसकी हत्या करने का शक जताया है। आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर परिजनों ने सोमवार दोपहर करीब डेढ़ बजे महावीर चौक जाम लगा दिया। करीब आधा घंटा तक जाम लगा रहा, जिले डीएसपी मित्रपाल के आश्वासन के बाद परिजनों ने खोल दिया। जाम के कारण चारों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग र्गईं। इससे वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
बता दें कि सोमवार को सिंघाना रोड स्थित नहर के पास झाड़ियों में एक युवक का सिर कटा अर्धनग्न शव मिला था। पुलिस ने शनाख्त के लिए शव को अस्पताल के शवगृह में रखवाया था। इसके बाद पुलिस शव की पहचान करने में जुटी हुई थी। इसी बीच शव मिलने की सूचना बसीरपुर निवासियों को मिली तो अंकित का बड़ा भाई कृष्ण कुमार अस्पताल पहुंचा और जूतों व कपड़ों के आधार पर अपने भाई की अंकित के रूप में पहचान की। कृष्ण कुमार के अनुसार जिम ट्रेनर उत्तराखंड निवासी नितिन व दो अन्य युवक सचिव व निर्दोश 31 जनवरी की शाम अंकित को एक शादी समारोह के बहाने साथ लेकर गए थे। उसके बाद से अंकित लापता था। परिजनों का कहना है कि अंकित महेंद्रगढ़ रोड स्थित एक फ्लैट में रहता था। दो दिन से उसका मोबाइल बंद होने से परिजन परेशान थे। परिजनों का कहना है कि अंकित के साथ तीनों अन्य दोस्तों के मोबाइल भी बंद हैं। ऐसे में उन्हें शव है कि वे ही अंकित को शादी के बहाने लेकर गए और हत्या कर शव झाड़ियों में फेंक कर फरार हो गए। अंकित के परिजनों को कहना है कि तीनों दोस्तों से अंकित की दुश्मनी होती तो साथ क्यों जाता। जबकि नितिन उसी के जिम में ट्रेनर का काम करता है। आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर परिजनों ने करीब डेढ़ बजे नेशनल हाईवे स्थित महावीर चौक पर जाम लगा दिया। जाम की सूचना पाकर करीब 15 मिनट बाद मौके पर पहुंचे डीएसपी मित्रपाल ने परिजनों की बात सुनकर जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। करीब आधे घंटे लगे जाम के कारण महावीर चौके के चारों तरफ वाहनों की लगी कतार लग गईं। इससे वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। ट्रैफिक पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद ट्रैफिक को सुचारु किया।
पुलिस ने चलाया सर्च अभियान
शव मिलने के दूसरे दिन सोमवार को डीएसपी मित्रपाल, एसएचओ सिटी, महाबीर चौकी के करीब 50 पुलिस कर्मी नहर के पास पहुंचे। उन्होंने झाड़ियों, नहर व खेतों में उसके सिर को तलाश करने का प्रयास किया। लेकिन शाम तक उन्हें सफलता नहीं मिल पाई। पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती सिर को बरामद करने की बनी हुई है। दूसरी ओर पुलिस की दो टीमें दोस्तों की तलाश में लगी हुई है। जिम ट्रेनर नितिन का भाई बहरोड में जिम चलता है। वहां पर भी पुलिस ने जानकारी ली है।
अंकित दो भाइयों में था छोटा
अंकित दो भाइयों में सबसे छोटा था। बीए करने के साथ दोस्तों के साथ जिम चलाता था। जिम के पास ही एक फ्लैट में रहता था। कभी कभार ही घर पर जाता था। अंकित की अभी शादी नहीं हुई थी।
परिजनों की शिकायत पर अंकित के तीन दोस्तों की तलाश की जा रही है। उनकी गिरफ्तारी के बाद ही हत्या के कारणों का पता चल पाएगा। -कैलाश चंद्र, महावीर चौकी जांच अधिकारी।