फोटो नंबर- 17रक्तदाताओं को बैज लगाकर हौसला बढ़ाते नप अधिकारी। संवाद
नारनौल। विश्व रक्तदाता दिवस पखवाड़े के अंतर्गत नगर परिषद में सोमवार को रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शुभारंभ सीटीएम मंजीत कुमार ने किया। नगर परिषद परिसर में आयोजित इस रक्तदान शिविर में रेडक्राॅस व नागरिक अस्पताल टीम का भी विशेष योगदान रहा।
इस शिविर में नगर परिषद के कर्मचारियों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भी रक्तदान किया। इस दौरान मुख्य रूप से दक्षिणी हरियाणा बिजली वितरण निगम के एसडीओ लोकेश कुमार के साथ जेई गजराज चौधरी ने भी रक्तदान किया। सभी रक्तदाताओं को बेज लगाकर नगर परिषद की एक्सईएन मोनिका शर्मा व ईओ दीपक गोयल ने हौसला बढ़ाया।
इस मौके पर सीटीएम मंजीत कुमार ने कहा कि रक्तदान एक ऐसा पुण्य कार्य है, जो जरूरत के समय किसी की जान बचा सकता है। इसलिए हर व्यक्ति को समय-समय पर रक्तदान करते रहना चाहिए। रक्तदान में अपनी विशेष भूमिका निभाने के लिए रोटरी क्लब की मुकेश देवी पत्नी रोटेरियन पवन यादव को रेडक्राॅस सोसाइटी की ओर से प्रशंसा पत्र भेंटकर सम्मानित किया गया।
अब तक 17 से अधिक बार रक्तदान कर चुकी हैं। वहीं, रक्तदान में अपना विशेष योगदान देने के लिए नेकी की दीवार नीडी हेल्प ग्रुप के संस्थापक मनीष गोगिया को 50 बार रक्तदान देने के लिए भी सम्मानित किया गया। रक्तदान में विशेष भूमिका निभाने वाले सिकंदर गहली को नप अधिकारियों द्वारा सम्मानित किया गया। इस मौके पर रेडक्राॅस से एसपी सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी भी मौजूद रहे।