फोटो नंबर-05राजकीय स्कूलों में परीक्षा का अवलोकन करते खंड शिक्षा अधिकारी। स्रोत-विभाग
नारनौल। खंड शिक्षा अधिकारी पवन भारद्वाज ने विभिन्न विद्यालयों में चल रही कक्षा पहली से बारहवीं तक की छमाही परीक्षाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जोरासी, राजकीय नवोदय माध्यमिक विद्यालय निजामपुर और राजकीय माध्यमिक विद्यालय पेवरा में जाकर परीक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
सभी विद्यालयों में परीक्षाएं शांतिपूर्ण माहौल में संचालित हो रही थीं। विद्यार्थियों की उपस्थिति लगभग शत-प्रतिशत रही। शिक्षक एवं स्टाफ की उपस्थिति भी संतोषजनक पाई गई। खंड शिक्षा अधिकारी ने परीक्षा व्यवस्था पर संतोष जताया।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय निजामपुर में उन्होंने मिड डे मील का भी निरीक्षण किया। भोजन नियमानुसार पौष्टिक रूप से तैयार किया जा रहा था, जिसमें ताजा हरी पत्तेदार सब्जियों का भी समावेश था। विद्यालय की प्राचार्या बिंदु यादव ने अधिकारी को विद्यालय परिसर में बनाए गए किचन गार्डन का भी अवलोकन करवाया, जहां पालक, धनिया, मेथी और शकरकंद जैसी सब्जियां उगाई गई थीं।