पूर्व शिक्षा एवं पर्यटन मंत्री प्रो. रामबिलास शर्मा ने शनिवार को अपने आवास पर लोगों की समस्याएं सुनी। इस मौके पर उन्होंने पुलिस अधिकारियों को फोन कर कहाकि बेटियों की शिकायतों के समाधान करने के दौरान संवेदनशीलता का परिचय दें।
गांव पाली के कुछ लोगों ने बेटी लापता होने के मामले में पुलिस की कार्यशैली की शिकायत की। इस पर पूर्व मंत्री ने कहा कि इस बारे में पुलिस अधिकारियों से बात कर बेटी को बरामद कराया जाएगा। बेटियों के प्रति सरकार संवेदनशील है। पुलिस को भी संवेदनशील होने की जरूरत है। प्रो. रामबिलास शर्मा ने कहा कि महेंद्रगढ़ की जनता उनका परिवार है। इस परिवार के विकास के लिए हमेशा तत्पर रहेंगे। उन्होंने सशस्त्र सेना झंडा दिवस के अवसर पर कहा कि आज का दिन जांबाज सैनिकों एवं उनके परिजनों के प्रति नागरिक एकजुटता प्रदर्शित करने का दिन है, अत: हर एक नागरिक का कर्तव्य है कि वे सैनिकों के सम्मान एवं उनके कल्याण में अपना योगदान दें।