अहीरवाल क्षेत्र रणबांकुरों की पावन स्थली है। कारगिल युद्ध में भी यहां के वीर जवानों ने मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दी थी। गढ़ी रुथल गांव के बिरेंद्र सिंह ने भी देश की रक्षा करते हुए शहादत दी थी। उनकी शहादत आज भी भावी पीढ़ी के लिए प्रेरणा स्रोत हैं। शहीद की पत्नी मनभावती देवी कहती हैं किसी भी व्यक्ति के लिए राष्ट्र सर्वोपरि है। मुझे अपने पति की शहादत पर गर्व है। पिता की शहादत को प्रेरणा मानते हुए बड़ा बेटा प्रवीण और छोटा बेटा टिंकू भी एमएससी कर सेना भर्ती की तैयारी कर रहे हैं।
बलिदानी बिरेंद्र के भाई ओमप्रकाश लांबा बताते हैं बिरेंद्र सिंह के मन में बचपन से ही देशभक्ति का जज्बा था। वे भारतीय सेना में अपनी इच्छा से भर्ती हुए थे। कारगिल में दुश्मन को नाकों चने चबाते हुए अपने प्राणों की कुर्बानी दी थी। ओमप्रकाश लांबा ने नम आंखों से बताया कि भाई के चले जाने का दुख तो है लेकिन शहीद का भाई होने से गर्व से सीना चौड़ा हो जाता है।