महेंद्रगढ़। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) की ओर से एससीईआरटी गुरुग्राम के निर्देशन में आयोजित जिलास्तरीय युवा ग्राम पंचायत प्रतियोगिता का परिणाम घोषित कर दिया गया है। प्रतियोगिता में जिले के पांचों खंडों की विजेता टीमों ने हिस्सा लिया।
कड़े मुकाबले में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बेरी, खंड महेंद्रगढ़ की टीम ने पहला स्थान प्राप्त किया। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ताजपुर, खंड अटेली की टीम दूसरे और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बूचावास, खंड कनीना की टीम तीसरे स्थान पर रही।
डाइट प्रभारी डॉ. ईश्वर शर्मा और जिला समन्वयक डॉ. राकेश यादव ने बताया कि प्रतियोगिता में विद्यार्थियों से पंचायती राज व्यवस्था से जुड़े सवाल पूछे गए। जिला शिक्षा अधिकारी एवं डाइट प्राचार्य डॉ. विश्वेश्वर कौशिक ने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताओं से विद्यार्थियों को लोकतंत्र की कार्यप्रणाली समझने और जिम्मेदार नागरिक बनने का अवसर मिलता है।
डाइट की डीआरयू विंग के प्रभारी नरेश गोयल के मार्गदर्शन में प्रतियोगिता आयोजित की गई। निर्णायक मंडल ने विद्यार्थियों के प्रस्तुतीकरण, विषय की जानकारी, तर्क क्षमता, नेतृत्व और सदन की कार्यवाही के संचालन का मूल्यांकन किया।
डॉ. राकेश यादव ने बताया कि प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली बेरी की टीम राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में महेंद्रगढ़ जिले का प्रतिनिधित्व करेगी। इसका आयोजन एससीईआरटी गुरुग्राम द्वारा किया जाएगा।