नारनौल। अपने आत्म सम्मान की बहाली के लिए संघर्षरत विकास एवं पंचायत विभाग की पंचायती राज प्रशासनिक विंग के आह्वान पर बीडीपीओ और ग्राम सचिव 30 और 31 मई को सामूहिक अवकाश पर रहेंगे।
जिला प्रधान प्रमोद कुमार ने बताया कि 24 और 25 मई को प्रदेशभर में खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी तथा ग्राम सचिवों ने पंचायती राज प्रशासनिक सेवा संघ के बैनर तले एकता का प्रदर्शन करते हुए उपायुक्त को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा था। इसमें पंचायती राज प्रशासनिक संघ द्वारा उनके आत्मसम्मान को ठेस पहुंचाने के कारण वित्तीय शक्तियों का परित्याग करने की बात कही गई थी। खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष राजेश शर्मा ने कहा कि हमने विकास कार्यों से संबंधित हमारी सभी वित्तीय शक्तियों का परित्याग कर दिया है लेकिन सरकार द्वारा हमारे ज्ञापन पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई। इसलिए दो दिनों के सामूहिक अवकाश पर जा रहे हैं। हमारे साथ पंचायती राज की प्रशासनिक विंग से जुड़े अधिकारी एवं कर्मचारी जिसमें बीडीपीओ, एसईपीओ तथा ग्राम सचिव शामिल हैं।