शहीद के परिजनों को अनुग्रह राशी प्रदान करते राज्य मंत्री ओमप्रकाश यादव।
- फोटो : Narnol
नारनौल। गत वर्ष 20 अप्रैल को ऑपरेशन मेघदूत में देश की सेवा करते हुए शहीद हुए गांव स्याणा निवासी कप्तान आकाश यादव के परिजनों को मंगलवार को 50 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी गई।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री ओमप्रकाश यादव ने जिला सैनिक एवं अर्ध सैनिक कल्याण कार्यालय में शहीद के परिवार की वीर नारी निधि यादव, पिता सुरेश कुमार व माता केला देवी को 50 लाख रुपये की अनुग्रह राशि प्रदान की। इस मौके पर राज्य मंत्री ने कहा कि हमें हमारे सैनिकों पर गर्व है जो अत्यंत विकट परिस्थितियों में अपनी जान जोखिम में डालकर मातृभूमि की रक्षा करते हैं।
जिला सैनिक एवं अर्ध सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल सत्येंद्र कौशल ने बताया कि हरियाणा सरकार की ओर से शहीद के परिवार को अनुग्रह राशि प्रदान की जाती है। गांव स्याणा के शहीद कप्तान आकाश यादव 20 अप्रैल 2020 को ऑपरेशन मेघदूत में देश की सेवा करते हुए शहीद हो गए थे।