नांगल चौधरी। नांगल चौधरी-बहरोड़ मोड़ पर स्थित दुर्गा जी ऑटो पार्ट्स की दुकान में बीती रात अज्ञात कारणों से आग लग गई। इस घटना में सारा सामान जलकर राख हो गया। सूचना मिलने पर डायल 112 और दमकलकर्मी गाड़ी लेकर मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका लेकिन तबतक सारा सामान जलकर नष्ट हो चुका था।
विज्ञापन
दुकान मालिक हुक्मसिंह ने बताया कि दुकान में पहले से करीब 3 लाख रुपये का सामान मौजूद था। दीपावली पर लाखों रुपये का नया माल मंगवाया था। देर रात लगी इस भीषण आग से एयर टंकी, कंप्रेसर, लिफ्ट, टूल्स सहित पूरा सामान जलकर खाक हो गया।
नुकसान का सही आंकलन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि आग इतनी भयंकर थी कि दुकान में रखे सामान और रखे करीब दस हजार रुपये नकद भी जल गए।
उसने बताया कि भाई नरेश कुमार की सभी शैक्षणिक डिग्रियां भी राख में बदल गई। उन्होंने कहा कि सारी जिंदगी की कमाई कुछ ही मिनटों में खाक हो गई। स्थानीय व्यापारियों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है।