जिला नागरिक अस्पताल में बीते साल नवंबर में लगाई अल्ट्रासाउंड मशीन खराब हो गई है। मशीन खराब होने से अल्ट्रासाउंड करवाने वाले मरीज पिछले दो दिन से परेशान हो रहे हैं। मशीन खराब होने के दो दिन बाद भी कंपनी का इंजीनियर मशीन ठीक करने नहीं पहुंच सका है। अस्पताल के डिप्टी एमएस डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि मशीन में कुछ तकनीकी कमी आ गई है। इंजीनियर ने बुधवार को आने को कहा है।
बता दें कि जिले में जिला नागरिक अस्पताल में अल्ट्रासाउंड मशीन उपलब्ध है। ऐसे में महेंद्रगढ़, नांगल चौधरी, अटेली समेत अन्य जगहों के मरीजों को अल्ट्रासाउंड के लिए अस्पताल आना पड़ता है। पहले अस्पताल में लगभग 10 साल पुरानी व ब्लैक एंड व्हाइट मशीन होने के कारण अपेक्षित परिणाम नहीं मिल पाता था। इसे देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने पिछले साल नवंबर में नवीनतम तकनीक की अल्ट्रासाउंड मशीन उपलब्ध कराई थी। इससे अस्पताल में जांच कार्यों में तेजी आई थी। जानकारी के अनुसार सोमवार को अचानक मशीन में तकनीकी कमी आ गई। इससे अल्ट्रासाउंड का काम रुक गया। इसकी सूचना प्रबंधन ने मशीन सप्लाई करने वाली कंपनी को दी। इसके बाद भी दूसरे दिन कंपनी इंजीनियर उपलब्ध नहीं करा सकी। ऐसे में दो दिन से दर्जनों मरीजों को परेशानी उठानी पड़ रही है। अस्पताल के डिप्टी एमएस डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि मशीन में कुछ तकनीकी कमी आ गई है। उन्होंने बताया कि कुछ माह पहले ही नई मशीन मिली थी। ऐसे में इंजीनियर से मशीन के बारे में पूरी जानकारी ली जाएगी। लोगों का कहना हैं कि प्रबंधन को दो मशीन का इंतजाम करना चाहिए। एक मशीन होने से मरीजों का दबाव रहता है। ऐसे में गर्भवती और गंभीर मरीजों को ही तत्काल सेवा का लाभ मिल पाता है। अन्य मरीजों को करीब 20 दिन से महीने का वक्त लग जाता है।