फोटो संख्या:67- खेड़ी तलवाना में एथलेटिक्स खेल नर्सरी में हिस्सा लेते बच्चे--संवाद
कनीना। गांव खेड़ी-तलवाना में एथलेटिक्स खेल नर्सरी शुरू होने से क्षेत्र के खिलाड़ियों में खुशी है। शनिवार को विभिन्न आयुवर्ग में 50 खिलाड़ियों का चयन किया गया। खेल नर्सरी के लिए खिलाड़ियों का चयन करने को कोच श्यामलाल अपनी टीम के साथ पहुंचे।
इस दौरान अंडर-14, 16 व 19 के लिए 30 लड़के व 20 लड़कियों ने विभिन्न चरण में हुई ट्रायल की प्रक्रिया पूरी करने में सफलता पाई। अधिवक्ता विजय ने बताया कि खेल नर्सरी में 100, 200, 400 व 1600 मीटर की दौड़ के लिए लड़की व लड़कों को प्रतिदिन प्रशिक्षण दिया जाएगा।
कोच श्यामलाल ने बताया कि प्रतिदिन सुबह व शाम 5 बजे से 7 बजे तक दौड़ कराई जाएगी व साथ ही व्यायाम व योगा सहित अन्य प्रकार के अभ्यास भी नर्सरी के खिलाड़ियों को कराया जाएगा। खिलाड़ियों के लिए डाइट प्लान में चने, बादाम व मुनका को भी शामिल किया गया है। साथ ही सभी चयनित खिलाड़ियों को खेल किट भी दी जाएगी। अंडर-14 आयु वर्ग के खिलाड़ियों को प्रतिमाह दो हजार व 16 व 19 के खिलाड़ियों को तीन हजार रुपये डाइट के लिए प्रदान किए जाएंगे। इस दौरान समाजसेवी तेजपाल सिंह, धूम, अजय, मास्टर देवेंद्र, शिवकुमार, सुरेशचंद कौशिक, हरिसिंह, ओम तंवर, अशोक आदि खिलाड़ी उपस्थित रहे।