कनीना। अटेली न्याय यात्रा शुक्रवार को उपमंडल के गांव भोजावास, इसराणा की ढ़ाणीयों, कोका, रसूलपुर तथा गुढ़ा गांव में पहुंची।
ग्रामीणों को संबोधित करते हुए अतरलाल ने कहा कि सरकार अटेली हलके के साथ जो नाइंसाफी कर रही है उसके खिलाफ यह प्रदर्शन है। राज्य सरकार विकास कार्यों, नहरी पानी, नौकरियों, खेल, स्वास्थ्य तथा पूर्व सैनिक कल्याण के मामले में अटेली हलके के साथ भेदभाव कर रही है।
क्षेत्र में आईएमटी स्थापित करने, अटेली को उपमंडल तथा दौंगड़ा अहीर को उपतहसील का दर्जा देने।खेल विश्वविद्यालय व अंतरराष्ट्रीय स्तर का खेल स्टेडियम बनाने। सीएसडी कैंटीन स्थापित करने जैसी न्यायोचित मांगों को दस सालों से लटकाए हुए हैं। इसको लेकर लोगों में भारी रोष व्याप्त है। उन्होंने राज्य सरकार से तत्काल उक्त मांगों को पूरा करने की अपील की। ग्रामीणों ने कनीना-अटेली, कनीना-नारनौल रूट पर हरियाणा रोडवेज की बसों की कमी के बारे में अतरलाल को अवगत करवाते हुए सुबह शाम इन रूटों पर अतिरिक्त बसें चलाने की मांग की।
कोका गांव के युवाओं ने गांव में खेल स्टेडियम बनाने तथा कोच नियुक्त करने की मांग की। अतरलाल ने सभी गांवों में ग्रामीणों की समस्याएं सुनी तथा उनका शीघ्र समाधान करवाने का भरोसा दिया। यात्रा में कैप्टन सतीश यादव, महावीर सिंह, संजय शर्मा, रामकिशन पंच, दयानंद, होशियार सिंह, किशनलाल पंच, सुभाष निंबल, सतीश आर्य , सतबीर, हनुमान सिंह, वेद प्रकाश आदि मौजूद रहे।