कनीना। बहुजन समाज पार्टी के नेता एवं अटेली विधानसभा क्षेत्र से पूर्व विधायक प्रत्याशी अतरलाल ने गांव पड़तल में जनसंपर्क अभियान चलाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने आंबेडकर पार्क में भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर अभियान की शुरुआत की।
ग्रामीणों ने युवाओं की बेरोजगारी, नहरी पानी, बिजली, बाजरे की सरकारी खरीद और डीएपी खाद की कमी जैसी समस्याएं उनके सामने रखीं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि अटेली क्षेत्र के साथ विकास, बिजली, रोजगार और सिंचाई के मामले में भेदभाव हो रहा है।
अतरलाल ने कहा कि ग्रामीणों की समस्याओं को लेकर जल्द मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। उन्होंने कहा कि महेंद्रगढ़ जिले में बारिश की कमी से सूखे जैसे हालात हैं, इसलिए जिले को सूखाग्रस्त घोषित कर विशेष राहत पैकेज दिया जाना चाहिए। उन्होंने कृषि क्षेत्र को प्रतिदिन 16 घंटे बिजली देने की मांग की।
उन्होंने एमएसपी पर बाजरे की खरीद सुनिश्चित करने और निजी व्यापारियों को बाजरा बेचने वाले पात्र किसानों को भावांतर योजना का लाभ देने की मांग की। साथ ही पैक्स के माध्यम से किसानों को जरूरत के अनुसार डीएपी खाद उपलब्ध कराने की बात कही। इस दौरान कई ग्रामीण मौजूद रहे।