नारनौल। स्थानीय पंचायत भवन में वीरवार को इलेक्ट्रॉनिक रूप से प्रेषित डाक मतपत्र प्रणाली (ईटीपीबीएस) के लिए संबंधित एआरओ, सुपरवाइजर, असिस्टेंट व ऑपरेटर को मतगणना का प्रशिक्षण दिया।
उपायुक्त मोनिका गुप्ता ने बताया कि ईटीपीबीएस की गणना बहुत ही महत्वपूर्ण काम होता है। यह कार्य पूरी शुद्धता के साथ किया जाना है। ऐसे में अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि मतगणना की पूरी प्रक्रिया को अच्छी तरह से समझें। इस मामले में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डीसी ने कहा कि किसी भी प्रजातांत्रिक व्यवस्था में मतों की गणना में सटीकता, ईमानदारी और पारदर्शिता सबसे पहली शर्त होती है। ईटीपीबीएस के मतों की गणना भी 8 अक्तूबर को होगी। ईटीपीबीएस की प्रत्येक टेबल पर एक उच्च गुणवत्ता का स्कैनर लगाया जाएगा। मतपत्रों की गिनती के लिए प्रत्येक टेबल पर एक सहायक रिटर्निंग ऑफिसर, एक गणना पर्यवेक्षक, दो गणना सहायक और एक माइक्रो पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। इस मौके पर डीएमसी महावीर प्रसाद, नगराधीश मनजीत सिंह, तहसीलदार नांगल चौधरी निशा, तहसीलदार चुनाव सुरेंद्र सिंह मौजूद रहे।