महेंद्रगढ़। मौसम में अचानक बदलाव के साथ वायरल फीवर के मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। नागरिक अस्पताल की ओपीडी में रोजाना औसतन 80 मरीज वायरल फीवर के लक्षणों के साथ पहुंच रहे हैं। डॉक्टरों के अनुसार बदलते मौसम और संक्रमित लोगों के संपर्क में आने से बीमारी फैलने का खतरा बढ़ जाता है।
जनरल फिजिशियन डॉ. वंदना यादव ने बताया कि मरीजों में बुखार, गले में दर्द, लगातार कफ और शरीर में दर्द जैसे लक्षण सामने आ रहे हैं। उन्होंने लोगों से संक्रमित व्यक्ति से उचित दूरी बनाए रखने की अपील की।
डॉक्टरों ने सलाह दी कि भीड़भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचें और साबुन-पानी से नियमित रूप से हाथ धोएं। मौसम के अनुसार पौष्टिक आहार लें और पर्याप्त आराम करें। लक्षण दिखाई देने पर खुद दवा लेने के बजाय डॉक्टर से सलाह लें। उन्होंने कहा कि सावधानी बरतकर संक्रमण के खतरे को कम किया जा सकता है।