नारनौल। बाबा खेतानाथ आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज पटीकरा के विकास के लिए करीब 134 करोड़ रुपये की बड़ी परियोजना को मंजूरी मिली है। इस राशि से छात्र और छात्राओं के लिए अलग-अलग छात्रावास, डॉक्टरों व स्टाफ के लिए आवासीय भवन, बहुउद्देशीय हॉल, टीचिंग फार्मेसी और आधुनिक लेक्चर हॉल का निर्माण किया जाएगा।
इस उपलब्धि पर नारनौल के विधायक एवं पूर्व मंत्री ओम प्रकाश यादव ने खुशी जताई। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व और स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव के विशेष प्रयासों से आयुर्वेदिक शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती मिलेगी।
ओम प्रकाश यादव ने कहा कि सरकार स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार काम कर रही है। कोरियावास मेडिकल कॉलेज का विकास, बाबा खेतानाथ आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज को सशक्त बनाना, नारनौल सिविल अस्पताल की क्षमता 100 से बढ़ाकर 200 बेड करना और इमरजेंसी वार्ड में सुविधाओं का विस्तार इसी दिशा में उठाए गए महत्वपूर्ण कदम हैं।