आईटीआई में प्रवेश के लिए शेड्यूल जारी हो गया है। आईटीआई में दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन 7 सितंबर से शुरू हो जाएंगे। कोरोना के चलते इस बार आवेदकों को दस्तावेज का सत्यापन कराने के लिए आईटीआई में नहीं आना होगा। आवेदनकर्ताओं को सभी दस्तावेज स्कैन कर अपलोड करने होंगे।
आईटीआई में एडमिशन प्रक्रिया जून में शुरू हो जाती है। इस बार कोरोना काल के चलते यह प्रक्रिया तीन माह देरी से शुरू हो पाई है। तकनीकि शिक्षा विभाग ने ऑनलाइन तरीके से दाखिले कराने के लिए शेड्यूल घोषित कर दिया है। पहले चरण में ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 7 सितंबर से 22 सितंबर तक चलेगी। ऑवेदन पूरा होने पर आवेदनकर्ता के मोबाइल पर रजिस्ट्रेशन आईडी और पासवर्ड जारी हो जाएंगे। दूसरे चरण में मेरिट के आधार पर कट ऑफ लिस्ट जारी होगी। लिस्ट जारी होने पर उनको सीटें वितरित कर दी जाएगी। अभी लिस्ट का शेड्यूल जारी नहीं हुआ है, जल्द ही इसका शेड्यूल जारी हो जाएगा। 15 अक्तूबर के बाद कक्षाएं शुरू हो सकती हैं। आईटीआई में इस वर्ष वीक सिक्स डे वर्किंग डे हो सकता है। इससे पहले आईटीआई में पांच दिन कक्षाएं लगती थीं। शनिवार और रविवार को अवकाश रहता था। आईटीआई के किसी कोर्स में सिलेबस कम न करके शनिवार को कक्षाएं लगाने के प्रस्ताव पर मंथन हो रहा है। तकनीकी शिक्षा विभाग इस प्रस्ताव पर विचार कर रहा है। आईटीआई की अंतिम वर्ष की परीक्षा अक्तूबर माह में शुरू हो सकती है। आईटीआई का ओवरऑल बोर्ड दिल्ली है। दिल्ली बोर्ड की ओर से पहले वर्ष के प्रशिक्षुओं को दूसरे वर्ष के लिए प्रमोट कर दिया है, जो प्रशिक्षु दूसरे वर्ष में थे उनकी परीक्षा अक्तूबर में होगी। इसके अलावा एक वर्ष का कोर्स करने वाले प्रशिक्षुओं को भी परीक्षा देनी होगी। अभी परीक्षा का शेड्यूल जारी नहीं हुआ है और न ही राज्य सरकार की ओर से कोई सूचना है।
21 सितंबर से खुलेंगे संस्थान
अनलॉक-4 गाइड लाइन के अनुसार आईटीआई संस्थान में 21 सितंबर से कक्षाएं शुरू हो जाएंगी। दिल्ली बोर्ड ने इसके लिए पत्र जारी कर दिया है। हरियाणा तकनीकी शिक्षा विभाग ने इस पर अपनी मुहर नहीं लगाई है। अगर सभी कुछ ठीक रहा तो 21 सितंबर से दूसरे वर्ष की कक्षाएं शुरू हो जाएंगी। निर्देश भी जारी किए गए हैं कि प्रशिक्षुओं मास्क लगाकर आना होगा। कक्षा में डिस्टेंस के साथ बैठना होगा। आईटीआई में असेंबली और लंच नहीं होगा। कक्षाओं को दिन में चार बार सैनिटाइज करवाना होगा। स्टाफ एवं प्रशिक्षुओं को पानी की बोतल साथ लानी होगी। इसके अलावा अपने-अपने औजार भी साथ लाने होंगे।
संस्थान में ये कोर्स
महेंद्रगढ़ आईटीआई में दो वर्ष के लिए तथा एक वर्ष के लिए अलग-अलग कोर्स हैं। दो वर्ष के लिए लड़कों के इलेक्ट्रॉनिक्स, फिटर, टर्नर, मशीनिस्ट, ड्राफ्ट मैन मेक्निकल, ड्रॉफ्ट मैन सिविल, एमपीओपीएच, पीपीईएस, इलेक्ट्रॉनिक्स, मोटर मैकेनिक आदि कोर्स हैं। एक वर्ष के लिए स्टेनो हिंदी, सीट मेटल, कारपेंटर, फाउंड्रीमेन पीपीओ, सॉयल टेस्टिंग, फाइनेस्ट एक्जीक्यूटिव कोर्स हैं। डेरोली अहीर आईटीआई में वायरमेन, वेल्डर, कंप्यूटर ऑपरेटर एवं प्रोग्रामिंग असिस्टेंट कोर्स हैं।
वर्जन:
आईटीआई की ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 7 सितंबर से 22 सितंबर तक चलेगी। एडमिशन का प्रक्रिया शेड्यूल अभी नहीं आया है। इस बार प्रशिक्षुओं दस्तावेज सत्यापन के लिए आईटीआई में नहीं आना पड़ेगा। ऑनलाइन आवेदन के साथ ही स्कैन कर अपलोड करने होंगे।
-राकेश, इंचार्ज, आईटीआई, डेरोली अहीर।