महेंद्रगढ़। हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय (हकेंवि) महेंद्रगढ़ में शैक्षणिक सत्र 2023-24 के लिए जारी दाखिले की प्रक्रिया के अंतर्गत विभिन्न स्नातक, स्नातकोत्तर व इंटीग्रेटेड कार्यक्रमों में रिक्त सीटों के लिए ओपन काउंसिलिंग का आयोजन किया जा रहा है। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. टंकेश्वर कुमार ने आवेदकों का दाखिले के लिए स्वागत करते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कहा कि विश्वविद्यालय नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रयासरत है।
विश्वविद्यालय की ओर से विश्वविद्यालयीन सामान्य प्रवेश परीक्षा (सीयूईटी) 2023 के नोडल ऑफिसर प्रो. फूल सिंह ने बताया कि विश्वविद्यालय में विभिन्न स्नातक, स्नातकोत्तर व इंटीग्रेटेड कार्यक्रमों में काउंसलिंग के बाद उपलब्ध रिक्त सीटों में दाखिले के लिए ओपन/फिजिकल काउंसिलिंग का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्नातक, इंटीग्रेटेड व स्नातकोत्तर कार्यक्रमों में दाखिले के लिए 31 अगस्त को ओपन काउंसिलिंग का आयोजन किया जा रहा है।
ओपन काउंसलिंग के लिए विद्यार्थियों को दिए गए शेड्यूल के अनुसार विश्वविद्यालय के संबंधित विभाग में उपस्थित होना अनिवार्य है। हकेंवि में दाखिले के लिए पंजीकरण करने वाले अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी। डाॅ. फूल सिंह ने बताया कि ओपन काउंसिलिंग का शेड्यूल, रिक्त सीटों का विवरण व अन्य जानकारी विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध है। विद्यार्थियों को अपने मूल दस्तावेजों के साथ ओपन काउंसिलिंग के लिए आना है।