मेरी उपलब्धियों से मेरे परिजन और गौरवान्वित हों ताकि समाज में बेटियों के लिए एक सकारात्मक संदेश जाए। आईएएस अधिकारी बनकर देश की सेवा करने का मेरा सपना है। अमर उजाला के साथ विशेष बातचीत के दौरान हरियाणा बोर्ड 10वीं में प्रदेश टॉपर गांव सुरजनवास स्थित बीआर ज्ञानदीप स्कूल की छात्रा आन्या ने अपनी इच्छा जाहिर की। आन्या ने 500 में से 494 अंक प्राप्त किए हैं। आन्या के पिता शुभकरण सरकारी स्कूल में अध्यापक हैं और मां किरण देवी गृहणी।
आन्या ने कहा कि अगर किसी मंजिल को पाने के लिए व्यक्ति दृढ़ संकल्पित हो जाए तो उसे कोई रोक नहीं सकता। न संसाधनों की कमी बाधा बनती है और न ही गरीबी। इसके लिए महत्वपूर्ण है कि संकल्प के प्रति ईमानदारी से कड़ी मेहनत की जाए। ऐसा संकल्पित व्यक्ति ही समाज में बदलाव लाता है और नेतृत्व करता है।
आन्या ने कहा कि वह सदा ही कुछ नया करने में विश्वास रखती है, देश और समाज के लिए बहुत कुछ करने का उसका सपना है। इसके लिए अभी से मेहनत शुरू कर दी है। आन्या ने अपनी सफलता का श्रेय अपने परिजनों और अध्यापकों तथा स्कूल प्रबंधन को दिया। आन्या की मां किरण ने कहा कि विश्वास था कि बेटी का रिजल्ट बहुत अच्छा रहेगा। आन्या के जिला टॉप करने की उम्मीद थी। लेकिन उसने अपनी मेहनत से प्रदेश में टॉपर करके उम्मीद से भी बढ़कर रिजल्ट दिया है।