नारनौल। शहीद दमकल कर्मियों को आर्थिक सहायता नहीं मिलने पर दमकल कर्मियों ने बुधवार को महावीर चौक तक रोष मार्च निकाला। साथ ही इसको लेकर संघ ने 8 व 9 को काम बंद हड़ताल शुरू कर दी है।
विज्ञापन
नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा की शाखा, हरियाणा अग्निशमन विभाग कर्मचारी यूनियन का आरोप है कि घटना के बाद न तो सरकार की ओर से संवेदना व्यक्त की गई और न ही परिवारों को कोई आर्थिक सहायता दी गई। लंबित मांगों पर भी लंबे समय से कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है।
फरीदाबाद में 16 फरवरी को एक कंपनी में लगी भीषण आग के दौरान शहीद हुए दमकल कर्मचारियों को लेकर सरकार के रवैये पर रोष है। केमिकल ड्रमों में विस्फोट से दोनों कर्मचारी गंभीर रूप से झुलस गए थे और उपचार के दौरान उनका निधन हो गया था। इस मुद्दे को लेकर 24 फरवरी को फरीदाबाद में सैकड़ों दमकल कर्मियों ने प्रदर्शन कर उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा था।